5 वर्ष पूर्व बाल संप्रेषण गृह से फरार 5 हजार का ईनामी पकडा़या

5 वर्ष पूर्व बाल संप्रेषण गृह से फरार 5 हजार का ईनामी पकडा़या



🟢 दीपावली पर आया था घर, जीआरपी ने धरदबोचा
भिलाई नगर, 26 अक्टूबर। जीआरपी ने 5 साल पहले बाल संप्रेषण गृह से फरार 5 हजार के ईनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। वह हत्या के आरोप में बाल सम्प्रेषण से फरार हो गया था तथा इस वर्ष दीपावली त्यौहार पर अपने घर जैसे ही आया जीआरपी ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
चरोदा जीआरपी ने बताया कि आरोपी गोविंद उर्फ गोविंदा ने 28 जून 2015 को अपने साथी राजेश रात्रे, आशीष, संदीप, कमलेश, बबुआ, धनुराम, रेशम लाल के साथ मिलकर राजू श्रीवास्तव की हत्या की थी। उन्होंने राजू के छोटे भाई संजू श्रीवास्तव को मारपीट कर गंभीर चोटें पहुंचाई थीं। इसके बाद गोपी लाल श्रीवास्तव ने जीआरपी थाना भिलाई चौकी चरोदा में मामले की शिकायत दर्ज कराई। जीआरपी ने मामला दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय पेश किया गया था। आरोपी गोविंद उर्फ गोविंदा
घटना के समय नाबालिग था इसलिए उसे किशोर न्यायालय बोर्ड दुर्ग में पेश किया गया। वहां से गोविंद को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया। वहां रहते-रहते वर्ष 2017 में गोविंद फरार हो गया था। इसके बाद इस मामले में पुलगांव पुलिस ने अपराध कायम किया था। पुलिस को आरोपी की काफी समय से तलाश थी।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी दीपावली का त्यौहार मनाने अपने गृह ग्राम कुरा थाना धरसीवा जिला रायपुर आया है। सूचना मिलते ही जीआरपी ने आरोपी की घेराबंदी की और उसे गिरफ्तार न्यायालय में पेश किया। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी चरोदा महेन्द्र प्रसाद, आरक्षक विष्णु सुमन, प्रकाश सोनी, भगवान दास पुराना, गिरधर लहरे शामिल थे।
किशोर न्यायालय बोर्ड दुर्ग ने गोविंद के खिलाफ स्थाई वारंट जारी किया था। मामले को गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रेल रायपुर धर्मेंद्र सिंह ने वारंटी की तलाश के लिए 5 हजार रूपए का इनाम घोषित किया था।