हाऊसिंग बोर्ड में ताला तोड़ जेवर और नगद ले उडे़ चोर, जांच में जुटी जामुल पुलिस

हाऊसिंग बोर्ड में ताला तोड़ जेवर और नगद ले उडे़ चोर, जांच में जुटी जामुल पुलिस



भिलाई नगर, 26 अक्टूबर। जामुल थाना क्षेत्र के हाऊसिंग बोर्ड में सूने मकान का ताला तोड़ अज्ञात आरोपी डेढ़ लाख के जेवरात ले उडे़ हैं। सूचना पर पुलिस अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना कर रही है।
थाना प्रभारी याकूब मेमन ने बताया कि हाउसिंग बोर्ड लाल पानी टंकी के पास एक सूने मकन में चोरों ने धावा बोलकर लाखों रुपए के जेवर व नगदी चोरी की है। घरवालों को जब चोरी की जानकारी हुई तो उन्होंने मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराई है। प्रार्थी सौरभ सरोदे ने बताया कि वह ट्रक ड्राइवरी का काम करता है। 17 अक्टूबर की रात वह अपनी मां निर्मला सरोदे के साथ नागपुर के लिए रात 11ः30 बजे घर में ताला बंद कर गया था। दिवाली के दिन 24 अक्टूबर की सुबह 8 बजे वह घर लौटा तो देखा कि घर के सामने का ताला टूटा हुआ है। अंदर घुसा तो मेन दरवाजे का ताला ही नहीं था। अंदर जाकर देखा तो घर में रखे आलमारी को तोड़कर उसका सारा सामान फैला पड़ा था। आलमारी का लॉक भी टूटा हुआ था। उसके अंदर रखे नगदी व सोने चांदी के जेवर कोई चोरी कर ले गया था। चोरी डेढ़ लाख रुपए से अधिक की बताई जा रही है। सौरभ ने बताया कि उसके घर से 2 सोने के मंगलसूत्र, 2 गले का हार, सोने की कान की बाली, सोने का लॉकेट, सोने की छोटी चेन , चांदी की पायल 2 जोड़ी चोरी हुई है।जेवर के साथ आलमारी में नगदी रकम 100, 50 और 10 के नोट रखे थे। पीड़ित के मुताबिक उसके घर में डेढ़ लाख से अधिक का सोना चांदी और नगदी था।