सराफा व्यवसायी की हत्या मामले में बनारस से 4 गिरफ्तार, झारखंड ,उत्तर प्रदेश की पुलिस से ली गई मदद लूटे गए सोने चांदी के जेवरात जप्त

सराफा व्यवसायी की हत्या मामले में बनारस से 4 गिरफ्तार, झारखंड ,उत्तर प्रदेश की पुलिस से ली गई मदद लूटे गए सोने चांदी के जेवरात जप्त



भिलाई नगर, 21 अक्टूबर। दुर्ग जिले के अमलेश्वर थाना क्षेत्र में कल दिनदहाड़े हुई सराफा व्यवसायी सुरेन्द्र सोनी (52 वर्ष) की हत्या की गुत्थी पुलिस ने लगभग सुलझा ली है। इस वारदात को लूट नहीं हत्या के इरादे से आरोपियों ने अंजाम दिया है। दुर्ग पुलिस के द्वारा आज शाम को 4 आरोपियों का पीछा करते हुए बनारस से गिरफ्तार किया है पुलिस ने 24 घंटे में ही इस बड़ी घटना को सुलझा लिया।


एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव ने बताया कि कल घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पहले रायपुर फरार हुए थे वहां बाइक छोड़ने के बाद आरोपी एक कार से फरार हुए थे । आरंग तक कार में चार लोग बैठे हुए थे। सीसीटीवी फुटेज देखने को मिला है। इसके बाद आरोपी झारखंड की ओर फरार हुए थे । मोबाइल लोकेशन के आधार पर दुर्ग पुलिस के द्वारा इनका पीछा किया जा रहा था । लगातार टेक्निकल लोकेशन के आधार पर दुर्ग पुलिस की टीम भी आरोपियों के पीछे लगी हुई थी आगे झारखंड पुलिस और फिर उत्तर प्रदेश की पुलिस की मदद भी ली गई आज शाम को 4:00 बजे के करीब चारों ही आरोपियों को बनारस में पकड़ा गया।

पुलिस ने बताया कि दो आरोपी 18 अक्टूबर को प्रयागराज में मिले और वहां कार से सड़क मार्ग से रीवा होते हुए रायपुर पहुंचे। आरंग में पहले से दो अन्य आरोपी पहुंचे हुए थे जो कि सुपारी देने वाले आरोपी के साथ मिलकर पिछले चार दिन से वारदात की प्लानिंग करते रहे। दिल्ली और झारखंड से मुख्य शूटर आने के बाद दो दिनों तक इन्होंने आरंग में ही रहकर पूरी प्लानिंग की। कंप्लीट प्लानिंग के बाद कल वारदात को अंजाम दिया। आरंग से ही झारखंड नंबर वाली बाइक जब्त की गयी है। ये सुपारी किलिंग का मामला है । मृतक सुरेंद्र सोनी की अमलेश्वर के तिरंगा चौक में समृद्धि ज्वेलर्स नाम से सोने चांदी के आभूषणों की दुकान है। कल दोपहर दो युवक सामान्य ग्राहक बनकर दुकान में आए और सुरेन्द्र से कुछ गहने दिखाने को कहा। गहने निकालने वो रैक की ओर झुके तभी दोनों युवकों ने उनका सिर पकड़कर जोर से काउंटर पर मारा और पिस्तौल निकाल ली। सुरेंद्र के ऊपर 5 गोलियां दाग दी। दोनों आरोपी काउंटर और दुकान में रखे जेवरात व नगदी लेकर चले गए।

बनारस से पकड़े गए आरोपियों में सौरभ कुमार सिंह पिता अर्जुन सिंह उम्र 24 निवासी ग्राम दंडीबाग थाना गया जिला गया, अभय कुमार भारती उर्फ बाबू पिता वंश राज भारती उम्र 18 निवासी बामणिया थाना धानापुर जिला चंदौली, आलोक कुमार यादव पिता सतेंद्र यादव उम्र 18 साल पहलेजा सापुदियारा थाना सोनपुर छपरा, अभिषेक कुमार झा पिता अवध किशोर झा उम्र निवासी ग्राम रजला जिला मुजफ्फरपुर से है।