क्रिश्चियन कॉलेज में प्रथम वर्ष के इंजीनियरिंग छात्रों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम किया आयोजित
भिलाई नगर: 18 अक्टूबर। क्रिश्चियन कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (सीसीईटी), भिलाई के इंजीनियरिंग स्नातकों के 25वें बैच के नव प्रवेशित छात्रों को परिसर में प्रवेश करने एवं उन्हें नए वातावरण से परिचित कराने में मदद करने के लिये 18 अक्टूबर को ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य नव प्रवेशित छात्रों को इंजीनियरिंग शिक्षा और उनके चुने हुए क्षेत्रों के बारे में जागरूकता पैदा करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसके बाद कॉलेज प्राचार्य डॉ. दीपाली सोरेन द्वारा स्वागत भाषण दिया गया। उन्होंने सीसीईटी की अनूठी विशेषताओं पर प्रकाश डालकर छात्रों को प्रेरित किया तथा कैंपस में स्थित अन्य सुविधाओं, विभिन्न छात्र हितैषी कार्यक्रमों पर भी प्रकाश डाला। कैंपस चयन और प्लेसमेंट प्रत्येक छात्र के लिए एक महत्वपूर्ण बिंदु है, जिसके लिये संस्था में एक प्रशिक्षण और प्लेसमेंट सेल है, जिसके द्वारा 14 अक्टूबर को एक कैंपस प्लेसमेंट ड्राईव्ह आयोजित किया गया था।
कॉलेज के कार्यकारी उपाध्यक्ष रेव. फादर डॉ. पीएस वर्गीस ने अपने अध्यक्षीय भाषण में छात्रों को याद दिलाया कि जब हमारे जीवन में कोई उद्देश्य होता है तो उसे पाने का दर्द महसूस नहीं होता है। आगे उहोंने कहा कि प्रत्येक छात्र को अपने सपनों को पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत करनी चाहिए। एक सफल व्यक्ति बनने के लिए अपने सपने का पालन करना होगा जो अपनी क्षमताओं के साथ समाज में वापस योगदान करने में सक्षम होगा।
सभी विभाग प्रमुखों ने अपने विभागों से संबंधित जानकारी दी। प्रथम वर्ष की प्रभारी डॉ. प्रीति नंद कुमार ने छात्रों का स्वागत किया एवं प्रथम वर्ष के पाठ्यक्रम के बारे में संक्षिप्त विवरण दिया। इसके पश्चात सभी छात्रोंको पूरे कॉलेज परिसर का अवलोकन करवाया गया जिसमें छात्रों ने सभी प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय और कार्यशाला का दौरा किया। 19 अक्टूबर से प्रथम वर्ष की नियमित कक्षाएं शुरू होंगी, हालांकि प्रवेश 25 अक्टूबर तक जारी रहेगा।

