हमें हमारे परिवार वालों से बचा लो एसपी साहब”

हमें हमारे परिवार वालों से बचा लो एसपी साहब”



🔴 घरवाले पूजा करने से रोकते हैं, भगवान के फोटो फाड़ देते हैं
🔴 दो वर्ष से घर में मारपीट कर बना रहे धर्म परिवर्तन का दबाव
अलवर, 19 अक्टूबर। अलवर शहर में सास-ससुर ही अपने बेटे-बहू का धर्म परिवर्तन कराने पर अमादा हैं। पीड़ित दम्पत्ति ने विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारियों के साथ पुलिस अधीक्षक से मिलकर सुरक्षा की गुहार लगाई है। दम्पत्ति का आरोप है कि धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने वाले लोग उनके परिवार के ही है। शिकायत बाद पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
पीड़ित दम्पत्ति सोनू और उसकी पत्नी रजनी ने अपने परिवार के लोगों पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। दम्पत्ति ने हिंदू देवी-देवताओं के मूर्ति तथा पोस्टरों को फाड़कर फेंकने और उनकी बेअदबी का भी गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार की ओर से इस संबंध में एईबी थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है।
विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष दिलीप मोदी ने बताया कि अलवर शहर में कुछ लोगों पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव का प्रयास किया जा रहा है। शहर की 60 फीट हरिजन बस्ती में कुछ लोग हैं जो ईसाई धर्म में लोगों को कन्वर्ट करा रहे हैं। मोदी ने आरोप लगाया कि यहां धर्म परिवर्तन की एक चैन बनाई गई है। वह कई तरीके के लोभ लालच देकर हिंदू देवी देवताओं का अपमान करते हुए ईसाई धर्म अपनाने के लिए दबाव बनाते हैं। ईसाई धर्म नहीं अपनाने पर बहिष्कार करने की धमकी देते हैं और मारपीट भी करते हैं।
पीड़ित सोनू ने शिकायत में बताया कि हमारे ही परिवार में से कुछ लोगों ने ईसाई धर्म अपना लिया है। हम जब पूजा पाठ करते हैं, पूजा के दौरान अगरबत्ती और दीपक जलाते तथा हवन करते हैं तो हमारा विरोध करते हैं। वे हमारे देवी-देवताओं की तस्वीरों को फाड़ देते हैं और मारपीट करते हैं। हम पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाते हैं। सोनू ने कहा कि हम हिंदू रीति रिवाज से रहना चाहते हैं लेकिन ये लोग हमें परेशान करते हैं। आरोप लगाया कि वे कहते हैं कि हिंदू धर्म में कुछ नहीं रखा, सब कुछ है जो ईसा मसीह में है। उन्होंने एसपी को बताया कि हमारे परिवार के लोग गत 2 साल से ईसाई धर्म से जुड़े हैं, तभी से ही हमें परेशान किया जा रहा है। दम्पत्ति ने उन लोगों से सुरक्षा की गुहार लगाई है। पुलिस अधीक्षक ने इस पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने बताया कि पीड़ित परिवार और कुछ संगठनों के लोग उनसे मिले थे, उन्होंने धर्म परिवर्तन करवाने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक से मिलने वालों में प्रांतीय अध्यक्ष प्रेम सिंह राजावत, सुभाष अग्रवाल, रमेश नरवानी, संजय पंडित और जगदीश सोनी सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद थे।