🟠 चेम्बर में घुसकर जेल में सड़ा देने की दी धमकी
🟠 खुद को बता रहा था स्वास्थ्य मंत्रालय का बड़ा अधिकारी
भिलाई नगर, 15 अक्टूबर। विगत दिनों स्पर्श अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी एवं डायरेक्टर द्वारा थाना सुपेला में लिखित रिपोर्ट दर्ज करायी गयी कि एक अज्ञात व्यक्ति अस्पताल में जबरदस्ती डायरेक्टर के चेम्बर में घुस धमकाते हुए 5 लाख रूपये की डिमांड कर धमकी दे गया है। डायरेक्टर द्वारा जबरदस्ती चेम्बर में क्यों आए पूछने पर उसने बाकायदा एक आईडी कॉर्ड दिखाया जिसमें छ.ग. सरकार का लोगो लगा था। वह अपने आपको स्वास्थ मंत्रालय का बड़ा अधिकारी बताकर कहने लगा कि इस अस्पताल की बहुत शिकायतें मिली हैं। डायरेक्टर को उसके सोफे में रखा बैग तुरंत हटाने धमकाते हुए अस्पताल का लाईसेंस कैंसिल कर ताला लगवा उसे जीवन भर जेल में सड़वा देने की धमकी देने लगा। अस्पताल के डायरेक्टर अचानक हुई इस घटना से सकते में आ गए, तब वह व्यक्ति बोला कि अगर इन सब समस्याओं से बचना है तो पांच लाख रूपये दो। रकम कैसे और कहां दोगे मैं बताऊंगा। धमकी देकर वह चला गया तब अस्पताल स्टाफ ने थाना सुपेला पहुंच उस अज्ञात के खिलाफ धारा 452, 384, 388 व 417 के तहत अपराध पंजीबद्ध करवाया।
एसपी डाॅ. अभिषेक पल्लव ने तत्काल आरोपी के पतासाजी हेतु टीम गठित की। विवेचना दौरान आरोपी का पता तलाश किया गया। आरोपी को जब यह पता चला कि उसके खिलाफ अपराध पंजीबद्ध हुआ है तो अपनी स्थिति को छिपाने के लिए लगातार लोकेशन बदलता रहा और अपना मोबाईल बंद कर दिया।
सुपेला पुलिस द्वारा लगातार प्रयास के बाद मुखबिर की सूचना पर राजनांदगांव से रायपुर फरार होते वक्त सुपेला में आज दोपहर एक शख्स को धर दबोचा गया। पूछताछ करने पर उसकी पहचान संजीव एस जैन पिता स्व. एसएस जैन निवासी ममता नगर, रिद्धिसिद्धि कॉलोनी व हीरामोती लाईन राजनांदगांव के रूप में हुई। कड़ी पूछताछ पर उसने अपना अपराध कबूल कर लिया। घटना में प्रयुक्त आईडी कॉर्ड जिसमें छग सरकार का लोगो बना है, जब्त कर लिया गया है।आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर केन्द्रीय जेल दुर्ग दाखिल किया गया है।

