पडो़सी 3 भाइयों ने मिल कर मां-बेटे को पीटा, चाकू मार हुए फरार, सड़क पर फैले बिल्डिंग मटेरियल के लेकर हुआ विवाद

पडो़सी 3 भाइयों ने मिल कर मां-बेटे को पीटा, चाकू मार हुए फरार, सड़क पर फैले बिल्डिंग मटेरियल के लेकर हुआ विवाद



भिलाई नगर, 13 अक्टूबर। मोहन नगर थाना क्षेत्र में बिल्डिंग मटेरियल हटाने की बात को लेकर दो गुटों में कल जमकर मारपीट हुई। मामला इतना बढ़ गया एक युवक ने चाकू निकाल लिया और महिला तथा उसके बेटे पर कई वार किए। मां बेटे दोनों लोग लहूलुहान हो गए तो आरोपी मौके से भाग निकले हैं। घायल पक्ष ने मोहन नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है।


घटना में घायल नानक दास मानिकपुरी (26 वर्ष) जिला अस्पताल दुर्ग में भर्ती है। उसने बताया कि उसकी मां नीलिमा मानिकपुर कैलाश नगर दुर्ग में आंगनबाड़ी सहायिका है। आदित्य नगर पानी टंकी के पास वार्ड-20 में उसका घर बन रहा है, जिससे उन्होंने सड़क किनारे गिट्टी गिरवाया है। इसकी शिकायत उनके पड़ोसी करण सिंह (30 वर्ष) ने दुर्ग निगम में की। निगम की टीम कल बिल्डिंग मटेरियल को उठाने पहुंची तो नीलिमा ने निगम कर्मियों को गिट्टी न उठाने की बात कही तभी पड़ोसी करण आकर झगड़ा करते हुए गाली गलौच करने लगा। मां को गाली देता सुनकर नानक भी वहां पहुंचा और विरोध किया तभी करण के दो और भाई कृष्णा और एक अन्य वहां आ गए। तीनों ने मिलकर मां-बेटे को मारना शुरू कर दिया। कृष्णा ने अपने पास से चाकू निकाल नीलिमा और नानक पर वार कर दिया। जब दोनों लहूलुहान हो गए तो वो सभी लोग वहां से भाग गए हैं। पुलिस अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना की रही है।