भिलाई नगर, 13 अक्टूबर। टाऊनशिप क्षेत्र में बिल जमा न करने पर बिजली काटने का वाट्सअप मैसेज आया तो आवासधारी ने तत्काल उस नंबर पर फोन कर तस्दीक की और आनलाईन बिल पे करने के लिए ओटीपी शेयर किया और पलक झपकते ही उनके बैंक खाते से सवा लाख रूपया निकल गया। रिपोर्ट पर भिलाई नगर पुलिस ने धारा 420 के तहत अज्ञात मोबाइल धारक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
कोतवाली पुलिस ने बताया कि प्रदीप तिवारी पिता स्व. आरएस तिवारी (56 वर्ष) निवासी क्वा नं 1-ए, सड़क-34, सेक्टर-9 के मोबाईल पर 8307136876 के धारक किसी अज्ञात व्यक्ति के द्वारा व्हाट्सअप द्वारा मैसज कर घर का बिजली काट देने का मैसेज आया और काल करने कहा गया। काल करने पर एक लिंक पर क्लिक करवा कर ओटीपी ले बैंक एकाउन्ट से पहले 99 हजार 800 रुपये और दूसरी बार 25 हजार रुपये निकल गए। बैंक से अचानक सस्पिसियस ट्रांजेक्शन का मैसेज आने पर तिवारी बैंक पहुंचे तो धोखाधड़ी का पता चला। लिखित शिकायत पर प्रथम दृष्टया धारा 420 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है।

