बीएसपी का खाली जमीन अवैध कब्जा से बचाने और बिजली पर आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ता कदम

बीएसपी का खाली जमीन अवैध कब्जा से बचाने और बिजली पर आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ता कदम



🟢 नंदिनी एयरपोर्ट के समीप लगाने जा रहा 4 मेगावाट का सोलर पैनल प्लांट
🟢 टाउनशिप के सार्वजनिक भवनों के लिए भी बन गई है योजना
भिलाई नगर, 13 अक्टूबर। नंदिनी एयरपोर्ट के समीप अहेरी में भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन जल्द ही 4 मेगावाट का सोलर पैनल प्लांट स्थापित करने जा रहा है, जिसमें तैयार बिजली राज्य की बिजली कंपनी को सप्लाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि इस प्लांट में सोलर पैनल से जनरेट होने वाली बिजली से करीब 2 हजार घर रौशन हो सकेंगे।
मिली जानकारी के मुताबिक भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन ऊर्जा क्षेत्र में गैर परंपरागत स्रोतों को इस्तेमाल करने पर फोकस कर रहा है जिसके तहत टाउनशिप में सार्वजनिक भवनों के साथ साथ आवासों में भी सोलर पैनल स्थापित करने की योजना तैयार कर ली गई है। अब संयंत्र प्रबंधन नंदिनी मार्ग पर एयरपोर्ट सामने ग्राम अहेरी में खाली जमीन पर सोलर पैनल स्थापित करने जा रहा है। जिससे 4 मेगावाट बिजली का उत्पादन होगा।बीएसपी के नगर सेवाएं विभाग ने टाउनशिप के आवासों में भी सोलर पैनल लगाए जाने की योजना तैयार की है, जिसके मुताबिक आबंटी को 40 प्रतिशत सब्सिडी पर सोलर पैनल लगाकर दिए जाएंगे। जानकारी मिली है कि बीएसपी प्रबंधन अन्य खाली जमीन पर भी सोलर पैनल प्लांट स्थापित करने की तैयारी में है ताकि जमीन को दोबारा कब्जा होने से रोका जा सके।
विदित हो कि भिलाई इस्पात संयंत्र के दो पावर प्लांट होने के बाद भी उसे बिजली कंपनी से खरीदनी पड़ती है। प्रबंधन अब बिजली उत्पादन के लिए 4 हजार पैनल लगाने की योजना प्रारंभ कर रहा है। सोलर पैनल लगाने के लिए अहेरी में कंपनी की जिस खाली जमीन का चिह्नांकन किया है, वहां 4 हजार सोलर पैनल लगाए जाएंगे। एक पैनल में 500 वाट की बिजली तैयार होगी और एक हजार सोलर पैनल के लिए एक एकड़ जमीन की आवश्यकता होती है। अहेरी में प्रबंधन के पास डिमांड मुताबिक करीब 4 एकड़ जमीन उपलब्ध है। इस जमीन पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे जिसकी प्रबंधन स्तर पर तैयारी जारी है।