🔵 दोनों हास्पिटल में उपचारार्थ भर्ती
भिलाई नगर, 13 अक्टूबर। चार दिन पूर्व दिल्ली से लौटा 23 वर्षीय युवक कोहका में डेंगू संक्रमित मिला जिसे शास्त्री नगर के बीएम शाह अस्पताल में उपचार बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है लेकिन रिसाली में एक 4 वर्षीय बच्चा और सेक्टर-5 में एक युवक की भी रिपोर्ट डेंगू पाजीटिव आई है। इन दोनों मरीजों और घर के सदस्यों की कोई ट्रेवलिंग हिस्ट्री नहीं है। बच्चे को सेक्टर-9 अस्पताल और टाउनशिप का युवक बीएम शाह अस्पताल में भर्ती है। हेल्थ विभाग के एक्सपर्ट के मुताबिक डेंगू के मच्छर पनपने की मुख्य वजह से जमा पानी ही है। विशेष रूप से कूलर और अन्य जगहों पर पानी जमा होने से डेंगू के मच्छर पनप रहे हैं। हेल्थ विभाग ने जिले के सभी प्रमुख निकायों को पत्र जारी किया है, जिसमें मच्छर उन्मूलन को लेकर रोस्टर तैयार कर नियमित फागिंग करने कहा गया है। जिला मलेरिया विभाग ने भी शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित रूप से सर्वे शुरू कर दिया गया है ताकि समय रहते मरीजों की पहचान हो सके।

