युवा मोर्चा अध्यक्ष के स्वागत कार्यक्रम में जमकर दिखी गुटबाजी, मारपीट बाद थाना में काउंटर रिपोर्ट दर्ज

युवा मोर्चा अध्यक्ष के स्वागत कार्यक्रम में जमकर दिखी गुटबाजी, मारपीट बाद थाना में काउंटर रिपोर्ट दर्ज



🟢 बैलगाड़ी और राउत नाचा के साथ हुआ भव्य स्वागत
🟢 सुपेला में भी होने लगी थी झड़प, अध्यक्ष भगत ने कराया शांत
भिलाई नगर, 12 अक्टूबर। कल भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत के दुर्ग जिला प्रवास कार्यक्रम में दो नेता उन्हें अपनी गाडी़ में बैठाने की जिद में भिड़ गए और उनके बीच जमकर लात-घूंसे चले। दोनों ने मारपीट बाद कुम्हारी थाना पहुंच रिपोर्ट दर्ज करवायी है। स्वागत कार्यक्रम कुम्हारी के बाद सुपेला में भी झड़प और धक्का मुक्की हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार कुम्हारी में भाजयुमो अध्यक्ष को गाड़ी में बैठाने को लेकर सुमीत द्विवेदी (24 वर्ष) और आशीष शुक्ला (29 वर्ष) अड़ गए। रवि भगत को अपनी गाड़ी में बिठाने के नाम पर दोनों में धक्कामुक्की शुरू हुए और देखते ही देखते दोनों गुट एक-दूसरे पर पिल पड़े। यह सब देख भगत तो उनकी गाड़ी में नहीं बैठे लेकिन दोनों के बीच इतना लात-घूंसा चला कि पुलिस को काउंटर एफआईआर दर्ज करनी पड़ी। सुमीत की रिपोर्ट पर आशीष शुक्ला, आशीष परगनिहा, कौशल सिंह तथा आशीष की रिपोर्ट पर सुमीत द्विवेदी, राकेश पाण्डेय, गौरव पाण्डेय और उनके साथियों के खिलाफ धारा 294, 323, 34, 506 के तहत कार्रवाई की गई है।


विदित हो कि भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत के प्रथम दुर्ग जिला आगमन को लेकर कल कुम्हारी से लेकर दुर्ग तक जगह-जगह स्वागत की तैयारी की गई थी। रवि भगत कल दोपहर सवा 1 बजे के करीब रायपुर से चलकर दुर्ग के लिए निकले और जैसे ही वो कुम्हारी टोल प्लाजा क्रॉस किए वहां भाजयुमो कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उनका जमकर स्वागत किया। यहीं युवा मोर्चा कुम्हारी के प्रभारी आशीष शुक्ला और भाजपा नेता राकेश पांडेय के पुत्र गौरव पांडेय भी स्वागत करने पहुंचे थे।

दोनों ने रवि भगत को अपनी गाड़ी में बैठने के लिए कहा, आशीष ने कहा नहीं वो उनकी गाडी़ में रहेंगे। इस बात को लेकर दोनों लोग झगड़ा करने लगे। यह देख रवि भगत ने दोनों की गाड़ियों में बैठने से मना किया और आगे चलने लगे। उधर दोनों नेता आशीष शुक्ला और गौरव पाण्डेय प्रदेश अध्यक्ष के सामने ही एक दूसरे को गाली गलौज करने लगे और देखते ही देखते दोनों गुटों भिड़ंत हो गई। मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष के सामने ही लात घूसे चलने लगे। किसी तरह मामला शांत हुआ और अध्यक्ष का काफिला आगे बढ़ा। इस मामले में कुम्हारी पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ काउंटर अपराध दर्ज किया है। कुम्हारी पुलिस ने बताया कि सीनियर एमआईजी-167 महामाया रोड कुम्हारी निवासी सुमित द्विवेदी, राकेश पाण्डेय, गौरव पाण्डेय व अन्य सहित दूसरे पक्ष से शुक्ला टिम्बर मार्ट कुम्हारी अहिवारा रोड निवासी आशीष शुक्ला, आशीष परगनिया, कौशल सिंह व अन्य के खिलाफ मारपीट की धाराओं के साथ काउंटर अपराध दर्ज किया गया है।


कुम्हारी से आगे भाजयुमो अध्यक्ष रवि भगत का बैलगाड़ी में बैठाकर स्वागत किया गया। सुपेला चौक पर राउत नाचा के साथ स्वागत किया गया। यहां युवा मोर्चा के राहुल परिहार, रोहन सिंह, मयंक गुप्ता और सन्नी यादव समर्थकों के साथ मौजूद रहे। रवि भगत का सुपेला में स्वागत के दौरान सुपेला मंडल के भाजपा नेताओं ने आपस में झगड़ा शुरू कर दिया। इस झगड़े को किसी तरह शांत कराया गया। दोनों नेताओं को अध्यक्ष ने समझाया कि ऐसे मौके पर विवाद बढ़ेगा तो पार्टी की किरकिरी होगी। समझाइश बाद मामला यहीं खत्म हुआ।