भिलाई नगर, 11 अक्टूबर। शराब के लिए दुकानदार से जबरिया रूपये मांगते हुए तीन ने मिलकर उससे जमकर मारपीट की है। टाउनशिप के जुबली पार्क के सामने हुई इस घटना में भिलाई नगर पुलिस ने आरोपी सोनू, कृष्णा और अनुज के खिलाफ धारा 294, 323, 327, 34 और 506 के तहत जुर्म पंजीबद्ध कर लिया है।
कोतवाली थाना एसआई डीएस मंडावी ने बताया कि सेक्टर 5 भिलाई अशोक कुमार बीती दोपहर जुबली पार्क के सामने स्थित अपनी डेली नीड्स की दुकान में बैठा था तभी सोनु, कृष्णा, अनुज नामक लड़के दुकान में आए, जो शराब के नशे में थे और आपस में एक-दूसरे का नाम लेकर गाली गलौज कर रहे थे। उनमे से एक लड़के ने अशोक को भी गाली देकर शराब पीने के लिए रूपये मांगे। जब उसने मना किया तो तीनों लडके एक राय होकर उसे जान से मारने की धमकी देते मारपीट करने लगे। अशोक की आंख, कंधा, गले में चोट आई है। अशोक को लक्ष्मीकांत तिवारी, नारायाण साहू एवं सलीम अली ने बीच बचाव कर छुड़ाया। सभी को पहुंचता देख आरोपी मौके से भाग निकले हैं।

