भिलाई नगर, 11 अक्टूबर। विवाह के बाद मात्र तीन माह ससुराल में रह दहेज के लिए घर से निकाल दी गई पीड़िता व उसके परिजनों के काफी प्रयास और समझाइश के बाद भी जब ससुराल वाले दहेज के लिए अडे़ ही रहे तो 4 साल बाद महिला थाना दुर्ग में अपराध पंजीबद्ध करवाया है। महिला ने बताया कि उसका पति शराबी तो है ही साथ ही मना करने के बावजूद अवैध शराब का कारोबार भी करता रहा और उसने दूसरी शादी भी कर ली है।
बेल्हारी जामगांव आर जिला दुर्ग में अपनी माता व भाई के पास 12 अगस्त 2018 से रह रही महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 19 अप्रैल 2018 को लोकेश मण्डलेश पिता दिनेश मण्डलेश निवासी ग्राम पौउवारा थाना रनचिरई जिला बालोद के साथ सम्पन्न हुई थी। यह उसका और उसके भाई का गुरावट विवाह हुआ था। शादी में माता पिता ने हैसियत अनुसार सोने चांदी के जेवर, आवश्यक सामान उपहार स्वरूप दिये थे। लगभग 20 दिन ठीक रहा उसके बाद पति लोकेश मण्डलेश, ससुर दिनेश, सास कमला बाई, देवर प्रेमप्रकाश, ननद गीतेश्वरी व ननद (पीड़िता की भाभी) गीतू बंजारे सभी मिलकर मायके से गाड़ी नहीं दिए, बोलकर रूपये की मांग करने के लिए दबाव बनाते और शारीरिक-मानसिक रूप से प्रताडित करने लगे। जो भी रूपये वह मायके से लेकर गई थी, उसे जबरदस्ती पति ने छीन लिया। गहने को पति व ससुराल वाले मिलकर बेच दिये। पति लोगों को शराब बेचता है, मना करने पर मारपीट करते घर से निकाल दिया। पारिवारिक स्तर से पति एवं ससुराल वालों को समझाईश दी गई, उसके बाद भी पति एवं ससुराल वालों के व्यवहार में सुधार नहीं आया। वर्ष 2020 में सामाजिक बैठक कराई गई जहां लोगों के सामने ही पति व ससुराल वाले गाली गलौज व मारपीट करने लगे। लगातार पारिवारिक स्तर से समझौते का प्रयास करते रहे किन्तु समझौता नहीं हुआ। जब पता चला कि पति ने दूसरी शादी कर ली तब महिला ने थाना सेक्टर-6 पहुंच गुहार लगाई। काउंसलिंग में भी समझौता नहीं हुआ तब उसने पति, ससुर, सास, देवर, दोनों ननद के खिलाफ धारा 498 ए, 34 के तहत अपराध पंजीबद्ध करवाया है।

