🔴 मामला एकतरफा प्यार का, जांच में जुटी खुर्सीपार पुलिस
🔴 अंबिकापुर में भी दर्ज है युवक के खिलाफ धमकाने का अपराध
भिलाई नगर, 4 अक्टूबर। शासकीय कालेज में प्रोफेसर युवती को परेशान करने वाला दिल्ली का युवक अब उनकी मां को भी अननोन नंबर से काॅल कर लगातार जान से मारने की धमकी दे रहा है। युवती की माँ न्यायालय में स्टेनो पद पर हैं। हैरानी की बात यह है कि आरोपी की मां से शिकायत बाद भी धमकी रुकी नहीं है। युवक की मां दिल्ली में बुटिक संचालिका है। खुर्सीपार पुलिस ने आरोपी कृष्णा नगर नई दिल्ली निवासी नमन अरोरा के खिलाफ धारा 507 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
खुर्सीपार थाना एसआई महेंद्र जयसिंग ने बताया कि व्यवहार न्यायालय में स्टेनोग्राफर महिला की शिकायत पर पुलिस कार्रवाई कर रही है। उनकी पुत्री अंबिकापुर शासकीय पीजी कालेज में सहायक प्राध्यापक हैं। इसी वर्ष जून महीने में जब वो हिमाचल प्रदेश गयी थीं तो दिल्ली से कोई नमन अरोरा नाम का लड़का भी था। 2 जुलाई को प्रोफेसर वापस अंबिकापुर आ गयीं। अगस्त माह में उन्होंने अपनी मां को नमन आरोरा द्वारा शादी करने के लिये काल कर दबाव बनाने की शिकायत की तो युवक का नंबर ब्लाक कर दिया था। जब वह अननोन नंबर से काल कर गोली मार देने की धमकी देने लगा तो इसकी रिपोर्ट गांधीनगर थाना में की गयी थी। इसके बाद से आरोपी नमन अरोरा लगातार प्रोफेसर की माता को बेसमय काल और मैसेज कर परेशान करने लगा। जब उन्होंने काल रिसीव करना बंद किया तो नमन अलग-अलग नंबरों से लगातार वाईस मैसेज भेज मां-बेटी को जान से खत्म करने धमकियां दे रहा है। पुलिस सभी नंबर को ट्रेस कर आरोपी तक पहुंचने प्रयास कर रही है।

