आईसीयू मरीज के चेहरे पर दौड़ रहीं थीं लाल चीटियाँ, आक्सीजन नली से रेंगती मरीज पर बना रही थीं कतार, डॉक्टर सहित चार की सेवा समाप्ति का सीएचएमओ ने दिया आदेश

आईसीयू मरीज के चेहरे पर दौड़ रहीं थीं लाल चीटियाँ, आक्सीजन नली से रेंगती मरीज पर बना रही थीं कतार, डॉक्टर सहित चार की सेवा समाप्ति का सीएचएमओ ने दिया आदेश



🔴 चंदूलाल अस्पताल का मामला
🔴 विडियो देख प्रशासन हुआ सख्त

भिलाई नगर, 1 अक्टूबर। जिले के एक अस्पताल में प्रशासन की ऐसी लापरवाही सामने आई है, जिसे देखने वाला हर कोई हैरान परेशान हो जाएगा। यह मामला शहर के चंदूलाल चंद्राकार अस्पताल का है, जहां आईसीयू में भर्ती एक मरीज के चेहरे पर चीटियां दौड़ती नजर आईं। अस्पताल के इस लापरवाह रवैये का खुलासा खुद मरीज के परिजनों ने किया। घटना को लेकर सामने आई तस्वीरें और वीडियो बेहद सन्न करने वाली हैं। दुर्ग के इस अस्पताल का हाल देखने वाले चिकित्सा स्टाफ की नजरें भी शर्म झुक गईं हैं। मामला सामने आते ही जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ जेपी मेश्राम ने इस घटना की तत्काल जांच के आदेश दे दिए हैं। जांच के पश्चात मिली रिपोर्ट के आधार पर सीएचएमओ ने ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर एक नर्स एवं दो अटेंडेंस की लापरवाही के कारण चारो की सेवा समाप्ति का आदेश अस्पताल प्रबंधन को दिया है। साथ ही प्रबंधन को आदेश दिया है कि कार्यवाही के पश्चात सीएचएमओ कार्यालय को सूचित किया जाए।


यह मामला चंदूलाल चंद्राकार मेमोरियल अस्पताल नेहरू नगर का है। जहां रामा साहू को इलाज के लिए आईसीयू में भर्ती किया गया है। हर अस्पताल का आईसीयू वार्ड सबसे हाइजनिक और आइशोलेटेड माना जाता है लेकिन इस अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टर्स की लापरवाही से अस्पताल में भर्ती मरीज के ऊपर और चेहरे पर लाल चीटियां दौड़ती नजर आईं हैं। इसका खुलासा परिजनों ने किया। उन्होंने कहा कि पहले तो हमें अपने मरीज से मिलने नहीं दिया गया। किसी अनहोनी की आशंका के चलते मरीज के परिजन आईसीयू में पहुंचे तब वहां की स्थिति देखकर उनके होश ही उड़ गए। मरीज रामा साहू के चेहरे पर सांस लेने वाली नली पर लाल चीटियां चल कर मरीज के चेहरे और बदन पर रेंगती मिली।
बताया जा रहा कि आईसीयू में भर्ती मरीज रामा साहू को आक्सीजन नली लगाई गई थीं जिसमें अचानक चींटियां आ गईं वो भी लाल चींटियां। एक मरीज जो जिंदगी और मौत से जूझ रहा, उसके मुंह पर लाल चींटी चलती दिखने के बाद परिजन भी सन्न रह गए। आईसीयू में भर्ती मरीज रामा साहू को एक-दो नहीं बल्कि सैकड़ों चींटियों ने घेर रखा था। जब इस मरीज की हालत की जानकारी चंदूलाल चन्द्राकर अस्पताल प्रबंधन को दी गई तब आनन फानन अचेत मरीज की सांस नली को हटाया गया और नई नली लगा मामले का वहीं पटाक्षेप करने का प्रयास हुआ।


विदित हो कि सुभाष नगर में रहने वाले रामा साहू को पेट-दर्द, बुखार, उल्टी और खांसी की शिकायत की वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में इलाज के बीच उनकी स्थिति गंभीर हो गई तो डॉक्टरों ने उन्हें आईसीयू में भर्ती कर दिया। जब पीड़ित के परिजन मरीज को देखने पहुंचे तो उनके भी होश उड़ गए, परिजनों ने इसकी शिकायत अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारियों से की मगर जिम्मेदार पर कार्रवाई की बजाय बात आई गई होते देख मरीज के बेटे ने इसकी शिकायत मंत्री और कलेक्टर से की तो कल देर रात प्रशासन ने जांच टीम गठित कर दी। डॉक्टर आरके खंडेलवाल के नेतृत्व में पहुंची 3 सदस्यीय टीम करीब 1 घंटे तक अस्पताल में रही। उन्होंने मरीज के बेटे, अस्पताल के डॉक्टर और स्टाफ का बयान दर्ज किया। मरीज की स्थिति जानी और ट्रीटमेंट को लेकर जानकारी ली।
जांच अधिकारी डॉक्टर खंडेलवाल ने अस्पताल में मौजूद नर्स और डॉक्टर्स के तर्कों को भी खारिज किया और दोषियों पर कार्रवाई की बात कही है।


कलेक्टर पुष्पेंद्र मीणा ने इस मामले में बताया कि बीती रात इस मामले की जानकारी मिली थी। व्हाट्सऐप पर वीडियो मंगाया और देखा कि मरीज के चेहरों पर चींटियां चल रही हैं। यह सीधे तौर पर अस्पताल की लापरवाही है। जांच टीम गठित की गयी है और अस्पताल से स्पष्टीकरण भी मांगा है, जो भी दोषी होगा उनके ऊपर कार्रवाई की जाएगी।
अस्पताल के डॉक्टर पीयूष और सौरभ ने बताया कि मरीज की स्थिति काफी क्रिटिकल है। उन्हें आईसीयू में रखा गया है। मरीज को चींटी कैसे लगी पता नहीं चल पाया? ऐसा होना नहीं चाहिए था। इसके लिए परिजनों से क्षमा भी मांगी गई है। जानकारी होने के साथ ही मरीज को दूसरे बेड में शिफ्ट करा दिया गया है। आईसीयू में साफ सफाई की विशेष ध्यान रखा जाता है। इस तरह चींटी कैसे लगी यह भी जांच का विषय है? डॉक्टर अपनी पूरी जिम्मेदारी के साथ मरीज के इलाज में जुटे हुए हैं।

डॉक्टर एवं 3 की सेवा समाप्ति का आदेश दिया सीएमएचओ ने

इस मामले में जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ जेपी मेश्राम ने बताया कि, निजी चिकित्सालय चंदुलाल चन्द्राकर मेमोरियल अस्पताल, नेहरू नगर भिलाई, ईलाज हेतु भर्ती मरीज रामा साहू, उम्र 69 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 41 सुभाष नगर दुर्ग के चेहरे पर लगी पट्टी में चीटियाँ होने की शिकायत कि जांच हेतु स्वास्थ्य विभाग से डॉ आर. के. खण्डेलवाल, नोडल अधिकारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय दुर्ग एवं डॉ चंदर बाफना, मेडिकल विशेषज्ञ, जिला चिकित्सालय दुर्ग को जांच हेतु निर्देशित किया गया । जाँच अधिकारीयों द्वारा संयुक्त जॉच पालन प्रतिवेदन 30/09/2022 को इस कार्यालय में प्रस्तुत किया गया है। जांच अधिकारी ने पाया कि ड्यूटी में उपस्थित स्टॉफ नर्स एलिन राम, अटेण्डेट मानसिंह यादव एवं यूगल किशोर वर्मा द्वारा लापरवाही पूर्वक कार्य किया गया एवं ड्यूटीरत चिकित्सा अधिकारी डॉ हिमांशु चन्द्राकर (BAMS) द्वारा भी अपने चिकित्सकीय कार्य में लापरवाही की गई ।
इस संबंध में ड्यूटीरत चिकित्सा अधिकारी हिमांशु चन्द्राकर (BAMS) तथा स्टॉफ नर्स एलिन राम तथा अटेण्डेट मानसिंह यादव एवं यूगल किशोर वर्मा की सेवायें तत्काल प्रभाव से समाप्त किया जाना है । आप संबंधित चिकित्सक एवं कर्मचारी की सेवायें समाप्त करते हुए अवगत कराना सुनिश्चित करें ।