दुर्ग 29 सितंबर। धमधा थाना क्षेत्र के अंतर्गत दुर्ग धमधा रोड पर आज शाम को 12वीं की परीक्षा देकर लौट रहे 3 स्कूली छात्रों को यात्री बस ने अपनी चपेट में ले लिया। इस सड़क हादसे में घटनास्थल पर ही दो छात्रों की मौत हो गई जबकि एक ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया । धमधा पुलिस के द्वारा घटना के बाद धमधा पुलिस के द्वारा कार्यवाही करते हुए आरोपी बस चालक को गिरफ्तार कर यात्री बस को जप्त कर लिया है। तीनों ही छात्र आज तिमाही परीक्षा देने के लिए धमधा से 8 किलोमीटर दूर ग्राम देवरी से आए हुए थे । परीक्षा देने के बाद शाम को घर लौट रहे थे।

थाना धमधा प्रभारी विपिन रंगारी ने सीजी न्यूज़ ऑनलाइन को बताया कि ग्राम देवरी निवासी तीन 12वीं कक्षा के छात्रों में कोमल चंद्रशेखर एवं दीपक तिमाही परीक्षा देने के लिए गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल धमधा पहुंचे थे परीक्षा देने के बाद तीनों ही एक ही बाइक क्रमांक सीजी 07 एम 8598 से दुर्ग बेमेतरा रोड से वापस घर लौट रहे थे शाम को करीब 5:00 बजे बेमेतरा से दुर्ग आ रही नवीन ट्रैवल्स की यात्री बस क्रमांक सीजी 07 ई 9909 के चालक द्वारा तेज एवं लापरवाही पूर्वक चलाते हुए नवागांव मॉल के पास सामने से आ रहे मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया । दोनों ही वाहनों के मध्य टक्कर इतनी भयानक थी कि घटनास्थल पर ही 2 छात्रों में कोमल एवं चंद्रशेखर की मौत हो गई। जबकि तीसरे को इलाज के लिए जिला अस्पताल दुर्ग भेजा गया था। जहां इलाज के दौरान दीपक की अस्पताल में मौत हो गई। धमधा पुलिस के द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुए आरोपी बस चालक को गिरफ्तार कर बस को जप्त कर लिया गया है।

