🟢 50 लाख कर्मी और 65 लाख पेंशनधारियों को मिलेगा लाभ
नई दिल्ली, 28 सितंबर। केंद्र सरकार ने दीपावाली से पहले केंद्रीय कर्मचारियों को तोहफा दिया है। कैबिनेट मंत्री अनुराग ठाकुर ने कैबिनेट में लिए गए फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि कैबिनेट बैठक में सरकार ने केंद्र के कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 4 प्रतिशत बढ़ाने का फैसला लिया है। पिछली बार सरकार ने मार्च में यह भत्ता बढ़ाया था जो कि 1 जनवरी 2022 से लागू हुआ था। मार्च में सरकार ने डीए में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी की थी यानि इसे 31 से बढ़ाकर 34 प्रतिशत कर दिया गया था। अब 4 प्रतिशत बढ़ने के बाद यह 38 फीसदी हो जाएगा। सरकार के महंगाई भत्ते बढ़ाने से देश के 50 लाख कर्मचारियों और 65 लाख पेंशनधारकों को फायदा होगा।
गौरतलब हो कि महंगाई भत्ता कर्मचारी के बेसिक सैलरी का एक निश्चित परसेंट होता है। देश में महंगाई के असर को कम करने के लिए सरकार अपने कर्मचारियों को महंगाई भत्ता देती है। इसे समय समय पर बढ़ाया जाता है। रिटायर्ड कर्मचारियों को भी इसका फायदा मिलता है। बेसिक सैलरी में ग्रेड सैलरी को जोड़ने के बाद जो सैलरी बनती है, उसमें महंगाई भत्ते की दर का गुणा किया जाता है जो नतीजा आता है, उसे ही महंगाई भत्ता यानि डेअरनेस अलाउंस कहा जाता है।

