पत्नी के काले रंग का देता था ताना, परेशान पत्नी ने टंगिया मार कर दी हत्या

पत्नी के काले रंग का देता था ताना, परेशान पत्नी ने टंगिया मार कर दी हत्या



🟢 4 माह की बेटी के साथ गई जेल
भिलाई नगर, 27 सितंबर। पति अक्सर शादी के बाद से पत्नी को काली होने और लड़कों की तरह दिखने का ताना दिया करता था जिससे तंग आकर रविवार की रात पत्नी ने टंगिया से पति का गला काट उसकी हत्या कर दी जबकि उनकी शादी को महज डेढ़ साल ही बीते थे।
पाटन ब्लाक के अमलेश्वर थानांतर्गत कापसी गांव में हुई इस घटना की आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। उस पर अपने 40 वर्षीय पति अनंत सोनवानी की हत्या का आरोप है।
मिली जानकारी के अनुसार आरोपी संगीता को उसकी चार महीने की बेटी के साथ जेल भेज दिया गया है। रविवार की रात संगीता ने अपने पति की टंगिया मारकर हत्या कर दी थी। घटना का पता चलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला से सख्ती से पूछताछ की तो इस मामले का खुलासा हुआ। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उससे करीब डेढ़ साल पहले अनंत ने शादी की थी। शादी करने के बाद से आरोपी उससे मारपीट करने लगा था। उसका रंग काला होने और लड़के जैसा दिखने का ताना मारता था। यह घटना रविवार रात 12 से सुबह 6 बजे के बीच की है। इसी दौरान महिला ने अपने पति की हत्या की थी। इसके पहले अनंत के घर आने के पहले संगीता और सौतेले बेटे हर्ष के बीच मोबाइल पर गेम खेलने और फिल्म देखने को लेकर विवाद हो रहा था। इसके बाद पति-पत्नी में विवाद हुआ फिर महिला ने घटना को अंजाम दिया।
एसडीओपी पाटन देवांश सिंह राठौर ने बताया कि अनंत सोनवानी की पहली पत्नी की करीब दो साल पहले मौत हो गई थी। इसके बाद उसने डेढ़ साल पहले संगीता से दूसरी शादी की। संगीता पहले से शादीशुदा थी। अनंत ने उसे बेहतर जिंदगी और खुश रखने का झांसा देकर अपने साथ रख लिया था। अनंत की पहली पत्नी से 4 साल का बेटा हर्ष है जबकि संगीता से शादी करने के बाद दोनों की चार माह की बेटी भी है। घटना की जानकारी होने पर जब पुलिस पहुंची तब संगीता ने पुलिस को बताया कि रविवार को खाना खाने के बाद वह अपनी बेटी के साथ सो गई थी। जब सुबह उठी तो पति की लाश कमरे में पड़ी मिली। पुलिस को घटना के बाद से ही संगीता के बार बार बयान बदलने से उस पर शंका थी। उससे सख्ती से पूछताछ करने पर हत्या का यह मामला सुलझ गया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।