🟢 हमारे नहीं अपने वायदों का हिसाब दें डाॅ. रमन
भिलाई नगर, 27 सितंबर। छत्तीसगढ़ में शराब बंदी की जाएगी लेकिन यह फैसला जल्दबाजी में नहीं किया जाएगा। शराब एक सामाजिक बुराई है, सब मिलकर ही उसको करेंगे। आंध्र प्रदेश और हरियाणा राज्य में जल्दबाजी में फैसला लेकर शराब बंदी की गई, इसके बाद सरकार को अपना फैसला वापस लेना पड़ा। गुजरात में शराब बंदी है लेकिन जिस ब्रांड की शराब चाहिए वह मिल जाती है। बिहार में शराब बंदी है लेकिन लोग सेनेटाइजर और जहरीली शराब पीकर मर रहे हैं इसलिए इसे बंद करने के लिए जल्दबाजी में फैसला लेना गलत है। छत्तीसगढ़ में भी लोगों को इसके लिए आगे आना होगा और जन जागरूकता लाकर ही शराब बंदी करेंगे। उक्ताशय के विचार मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भिलाई में पत्रकारों से चर्चा के दौरान व्यक्त किए हैं।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कल रात दुर्ग और भिलाई में आयोजित अनेक कार्यक्रमों में शामिल हुए। महाराजा अग्रसेन जयंती के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सेक्टर-6 में उन्होंने कहा कि मैंने लोगों की जेब में पैसे डाल अर्थव्यवस्था की जड़ों को सींच दिया है। अर्थव्यवस्था को गतिशील रखने में व्यापारी वर्ग का बड़ा योगदान है। सरकार की नीतियां बेहतर हों तो व्यापार फलता फूलता है, हमने ऐसी ही नीति बनाई है। जब हमारी सरकार आई तो यह शंका थी कि ये तो किसानों की सरकार है, गरीबों की सरकार है, हमारे लिए क्या करेगी। फिर जब किसान का पैसा बाजार में आया तो व्यापारियों को लगा कि सजग और जागरूक नीति से हर वर्ग का लाभ हो रहा है। जब एक बड़ा तबका बढ़ता है तो अन्य तबकों का अपने आप विकास होता है। मुख्यमंत्री ने रियल एस्टेट से लेकर राइस मिलर्स तक सभी वर्ग के लोगों के लिए किए गए सरकार के कार्यों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि अग्रसेन समिति ने समाज में अच्छा कार्य कर रहे लोगों का सम्मान किया, ये बहुत अच्छी बात है, इससे प्रोत्साहन मिलता है।
श्री बघेल ने पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा कांग्रेस के वायदे को न देखे बल्कि अपने वायदों का हिसाब दे। 15 साल सत्ता में रहे लेकिन अपना वायदा पूरा नहीं किया। डॉ. रमन सिंह ने अपने विधायक दल की बैठक में कहा था कि चाहे सरकार भले ही चली जाए लेकिन शराब बंदी करके रहूंगा। रमन सिंह ये बताएं कि उन्होंने शराब बंदी क्यों नहीं की? हर घर में नौकरी देने की बात कही थी, क्यों नहीं दी? 2100 रुपए क्विंटल धान खरीदी करने का वायदा किया, क्यों नहीं पूरा किया? 15 साल उनको मौका मिला, वो ये सब वायदे करके निकल गए, पहले उसका हिसाब कर लें। भाजपा शासन में डॉ. रमन सिंह चिटफंड कंपनियों में ब्रांड एंबेसडर बन गए थे, उन्होंने लाखों लोगों का करोड़ों रुपए जमा कराया फिर 15 साल सत्ता में रहे तो क्यों पैसा वापस नहीं कराया, कार्रवाई क्यों नहीं की? इसका हिसाब दें। अग्रसेन भवन में मुख्यमंत्री ने संगमरमर से बनी महाराजा अग्रसेन प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर अग्रसेन जनकल्याण समिति द्वारा आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी मुख्यमंत्री शामिल हुए।

