🔴 मदद के लिए बुला कर 4 युवक लेकर रात 1 बजे पहुंची थी युवती
🔴 बियर बाटल, चाकू से हमला कर ब्रिज से गिराने किया प्रयास
भिलाई नगर, 26 सितंबर। इंस्टाग्राम पर “आई नीड युअर हैल्प” का मैसेज आने पर लड़की की मदद करने गए युवक पर एक साजिश के तहत जानलेवा हमला करने वाले आरोपी विशाल और उसके साथियों के खिलाफ भिलाई भट्टी पुलिस ने धारा 307 और 34 के तहत जुर्म दर्ज कर मामले की तफ्तीश की जा रही है।
भट्टी थाना हेड कांस्टेबल ने पुरूषोत्तम साहू ने बताया कि घटना रविवार रात 1 बजे की है जिसमें एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर उसे ब्रिज से नीचे धकेल मारने का प्रयास किया गया है। घटना कारित करने वाले 4 युवक एक युवती के साथ मौके पर पहुंचे थे। उसमें से एक की पहचान हुई है। चश्मदीद शुभम साहू (28 वर्ष) ने पुलिस को बताया कि वह कन्शट्रक्शन का व्यवसायी है। शनिवार की रात 10 बजे सौरभ चन्द्राकर के इंस्टाग्राम पर सारा नाम की आईडी से आई नीड युअर हेल्प का मैसेज आया। सौरभ ने दिए गए मोबाइल नंबर पर सारा को फोन किया और दोनो के बीच बातचीत हुई। फिर सौरभ ने शुभम को बताया कि ओव्हर ब्रिज सेक्टर-3 जाना है, एक लडकी का मैसेज आया है हेल्प मांग रही है। शुभम और सौरभ कार से शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीबन 1 बजे ओव्हर ब्रिज के ऊपर सेक्टर-3 पहुंचे तो वहां लडकी के साथ 4 लडके खड़े थे। लड़की कार के पास आयी और सौरभ कार से बाहर उतरकर लडकी से बातचीत करने लगा। शुभम कार के अंदर था तभी थोडी़ बाद वहां खडे चारों लड़के सौरभ से मारपीट करने लगे तो शुभम कार से बाहर निकला और देखा कि चारो लड़के सौरभ के साथ हाथ मुक्का लात और बियर की टूटी बोतल से मारपीट कर रहे हैं। उनमें से एक के हाथ में चाकू था जिससे वह सौरभ को मार रहा है। चारों सौरभ को ब्रिज से गिराने की बात कह रहे हैं। शुभम को बाहर आता देख वो लड़की को बोल रहे थे कि अपना कपड़ा फाड़ ले इन दोनो के ऊपर केश करते हैं। शुभम ने अपने दोस्त शिवम यादव को फोन कर बुलाया। शिवम और अक्षय साहू तुरंत वहां पर आ गए और उन्हे देख चारों लड़के के साथ वो लड़की भाग निकली। मारपीट करने वालो मे से एक लड़के का नाम विशाल है। शुभम पर भी आरोपियों ने जाते जाते हमला किया है। घायल सौरभ को तत्काल हाईटेक हास्पिटल नेहरू नगर में भर्ती कराया गया है।
इंस्टाग्राम पर युवती ने मांगी हैल्प, मैटर समझने गए युवक पर साजिशन जानलेवा हमला, देर रात ओव्हर ब्रिज पर जमकर हंगामा

