शहीद वीर प्रवीण सिंह के समाधि स्थल के समीप बनाया अघोषित ट्रेंचिंग ग्राउंड , विरोध स्वरूप भाजयुमो ने महापौर एवं निगम आयुक्त की जलाई तस्वीरें, किया जमकर प्रदर्शन, देखिए वीडियो

शहीद वीर प्रवीण सिंह के समाधि स्थल के समीप बनाया अघोषित ट्रेंचिंग ग्राउंड , विरोध स्वरूप भाजयुमो ने महापौर एवं निगम आयुक्त की जलाई तस्वीरें, किया जमकर प्रदर्शन, देखिए वीडियो


भिलाई नगर 24 सितंबर । शहीद के समाधि स्थल पर रिसाली निगम के द्वारा कूड़ा फेंकने का कार्य किया जा रहा है विरोध स्वरूप कल भाजयुमो के कार्यकर्ताओं के द्वारा महापौर एवं निगम आयुक्त की तस्वीरों को जलाकर विरोध प्रदर्शन किया गया । प्रदेश भाजयुमो के विशेष आमंत्रित सदस्य विशाल शाही ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान ज्ञापन लेने के लिए निगमायुक्त उपस्थित नहीं हुए।


भारतीय जनता युवा मोर्चा के द्वारा एक सप्ताह पूर्व में दिए गए ज्ञापन में तीन सूत्रीय मांग की गई थीं। जिसमे सफाई व्यवस्था व कचरो का उचित रूप से निष्पादन व जर्जर सड़को का संधारण व रात्रि काल मे प्रकाश की व्यवस्था मुख्य मांगे थी।परंतु एक सप्ताह बाद भी समस्याएं जस की तस है। रिसाली निगम की सफाई व्यवस्था भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी है । निगम के स्वास्थ्य अधिकारी और ना ही सफाई ठेकेदार को यह ज्ञात है कि उन्हें कचरे को कूड़ेदान में डालना है।

समाधि स्थल के समीप लगा कचरे का ढेर

शहीद वीर प्रवीण सिंह के समाधि के समीप कचरा डाला जा रहा है । भारतीय जनता युवा मोर्चा के सदस्यों द्वारा वीर जवान के मोक्ष स्थल का निरीक्षण किया गया । जिसमें पाया गया कि मोक्ष स्थल के आसपास कचरे का ढेर लगा हुआ है। एक प्रकार से समाधि स्थल को संरक्षित करने के बजाय नगर पालिक निगम रिसाली प्रशासन के द्वारा उक्त क्षेत्र को अघोषित रूप से ट्रेंचिंग ग्राउंड बना दिया गया है। प्रतिदिन शहर का कचरा एकत्रित करके वाहनों के द्वारा समाधि स्थल के समीप कचरे को डंप किया जा रहा है। रात में यह स्थान जुआरियों का अड्डा बन जाता है जो हम सबके लिए एक शर्मनाक व अपमानजनक बात है| जिसका भारतीय जनता युवा मोर्चा पूर्ण जोर विरोध करता है|

भाजयुमो के प्रदेश विशेष आमंत्रित सदस्य विशाल शाही के नेतृत्व में भारी संख्या में युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं द्वारा रिसाली निगम का घेराव किया गया और महापौर व स्वास्थ्य अधिकारी की फोटो को जला कर विरोध प्रदर्शन किया गया। विशाल शाही के द्वारा निगम कमिश्नर के नाम से कमिश्नर के प्रतिनिधि मंडल को ज्ञापन देकर यह मांग की गई कि जिम्मेदार अधिकारी व सफाई ठेकेदार पर तत्काल प्रभाव से अपराध दर्ज कराया जाए व सफाई ठेकेदार का टेंडर तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए व मोक्ष स्थल के प्रांगण को तत्काल प्रभाव से संरक्षित क्षेत्र घोषित किया जाए व रात्रि काल के लिए प्रकाश की उत्तम व्यवस्था की जाए और यहां पर एक सुंदर पार्क का निर्माण किया जाए |अगर निगम आयुक्त द्वारा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं की जाती है तो विवश होकर भारतीय जनता युवा मोर्चा के द्वारा आयुक्त के विरुद्ध भी राज्यपाल व कलेक्टर दुर्ग को आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की जाएगी।