बिलासपुर 23 सितंबर । दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर रेलमंडल के रायगढ़-झारसुगुड़ सेक्शन चौथी लाइन में मरम्मत कार्य के कारण 29 सितंबर तक इस मार्ग पर चलने वाली गाड़ियों का परिचालन प्रभावित रहेगा। इसके तहत 25 सितंबर को मुंबई-हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस रद्द रहेगी। वहीं, हावड़ा – अहमदाबाद एक्सप्रेस झारसुगुड़ा और रायगढ़ के बीच पैसेंजर बनकर चलेगी।
इसी तरह, पश्चिम रेलवे के राजकोट रेलमंडल के अंतर्गत सिंधावदर – कनकोट- खोराना बिलेश्वर सेक्शन में दोहरीकरण का कार्य किया जाएगा। इसके चलते कल 24 सितंबर को हापा – बिलासपुर एक्सप्रेस और 26 सितंबर को बिलासपुर-हापा एक्सप्रेस रद्द रहेगी।
इस बीच, रेल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेल प्रशासन ने रद्द की गई हावड़ा-मुंबई गीतांजलि एक्सप्रेस का परिचालन आज फिर से शुरू कर दिया है।
वहीं, रेलवे ने नवरात्र के दौरान डोंगरगढ़ जाने वाले दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए 26 सितंबर से 4 अक्टूबर तक विभिन्न ट्रेनों के डोंगरगढ़ में स्टॉपेज के साथ ही इनमें अतिरिक्त कोच की सुविधा उपलब्ध कराई है।

