भिलाई नगर, 23 सितंबर। भिलाई इस्पात संयंत्र के भीतर कोक ओवन बैटरी क्रमांक 8 के पास ही एक खंडहर नुमा भवन में आज सुबह 9:00 बजे ठेका श्रमिक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
जानकारी के मुताबिक ठेका एजेंसी विजय इंडिया एरेक्टर्स का कर्मचारी मोहनलाल (35 वर्ष) निवासी 123 बाजार चौक जोरातराई ढंडेरा उतई सामान्य पाली में सुबह 8 बजे के करीब ड्यूटी पर पहुंचा। उसका कार्यस्थल कोक ओवन सीसीडी है। बताया जाता है कि करीब 9 बजे कोक ओवन स्थित खंडहर में उक्त ठेका श्रमिक का शव फंदे पर लटकता मिला है। युवक ने खंडहर में लगे एक हुक में ही अपने कपड़े से फांसी लगा ली थी। इसकी जानकारी लगने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में इसकी सूचना आला अधिकारियों को तथा ठेका एजेंसी के अधिकारियों को भी दी गई। मौके पर मौजूद लोगों ने भट्टी थाने में भी फोन कर इसकी सूचना दी। सूचना के बावजूद भट्टी थाने से के 1 बजे तक पुलिस घटनास्थल पर नहीं पहुंच पाई थी। इसे लेकर कर्मचारियों में आक्रोश की स्थिति बन गई। कर्मचारियों का कहना था कि सूचना के बावजूद अब तक पुलिस नहीं पहुंची है जबकि शव सुबह से ही फंदे पर लटका है। कर्मचारियों के आक्रोश को देखते हुए मौके पर सीआइएसएफ के जवानों ने घेराबंदी कर दी और किसी को भी घटनास्थल पर जाने नहीं दिया जा रहा था। दोपहर 1:30 बजे के करीब भट्टी थाना से पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और इसके बाद आवश्यक जांच कार्यवाही करते हुए शव को नीचे उतारा गया। आत्महत्या का कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। मृत ठेका श्रमिक के परिजनों को भी इसकी जानकारी दे दी गई है। भट्टी पुलिस का कहना है कि मामले में जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
बीएसपी के खंडहरनुमा चेंजिंग रूम में ठेका श्रमिक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, सामान्य पाली में पहुंचा था कार्यस्थल

