आजमगढ़ उत्तर प्रदेश के महिला एवं पुरुष ठग ने षड्यंत्र पूर्वक दुर्ग के सेवानिवृत्त इंजीनियर से की एक करोड़ 20 लाख की धोखाधड़ी,आरोपी पहचान बना कर घर में घुसे, फिर बना लिया माता पिता का रिश्ता
दुर्ग 21 सितंबर । थाना मोहन नगर क्षेत्र के अंतर्गत सेवानिवृत्त इंजीनियर के साथ पहचान बनाकर आजमगढ़ उत्तर प्रदेश के निवासी महिला एवं पुरुष के द्वारा 1 करोड़ 20 लाख रुपए ठगी का मामला प्रकाश में आया है। सेवानिवृत्त इंजीनियर की रिपोर्ट पर से मोहन नगर पुलिस के द्वारा आरोपियों के खिलाफ धारा 120 बी, 34, 420 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है ।
मोहन नगर पुलिस के मुताबिक दीपक नगर निवासी सेवानिवृत्त इंजीनियर अभय गावड़े अपनी पत्नी के साथ निवासरत है। सड़क हादसे में उनके पुत्र की मृत्यु हो चुकी है । जिसके कारण उनके द्वारा अपनी बहू को बेटी मानते हुए दूसरा विवाह कर दिया था । प्रार्थी ने पुलिस को बताया कि आरोपी महिला शशि यादव ने प्रदीप यादव को अपना चचेरा भाई कहकर प्रदीप से वर्ष 2020 में पहचान कराई थी। महिला शशि यादव के चचेरे भाई प्रदीप यादव के द्वारा पहले तो रिटायर इंजीनियर के घर आना-जाना करते हुए पहचान बनाई और पहचान बढ़ जाने पर धीरे से रिश्ता कायम कर लिया । कुछ दिनो बाद आरोपी प्रदीप सेवानिवृत्त इंजीनियर अभय एवं उनकी पत्नी को माता पिता कहकर संबोधित करने लगा। कुछ समय गुजरने के बाद आरोपी ने अभय गावड़े को बताया कि उसका रायपुर में ट्रेडिंग का व्यवसाय है। व्यवसाय में भारी नुकसान हो रहा है, इस वजह से उसे पैसों की बहुत जरुरत है। यदि कहीं से मदद नहीं मिली तो पूरा व्यवसाय चौपट हो जाएगा । यह जानकारी प्राप्त होने पर अभय गावड़े ने मानवता के नाते मदद करने के लिए हामी भर दी। इस पर आरोपी ने अगस्त के महीने तक अलग अलग किश्तों में 1 करोड़ 20 लाख रुपए निकलवाकर फरार हो गए। इसके बाद अभय गावड़े ने मोहन नगर पुलिस को शिकायत की। शिकायत पर से मोहन नगर पुलिस के द्वारा आरोपी प्रदीप यादव एवं शशि यादव के खिलाफ मंगलवार को अपराध क्रमांक 330/22 के तहत भादवि की धारा 120 बी 34 एवं 420 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।

