कक्षा के भीतर शिक्षकों का मोबाईल वर्जित कराने सहित जन चौपाल में आए अनेक अनूठे आवेदन

कक्षा के भीतर शिक्षकों का मोबाईल वर्जित कराने सहित जन चौपाल में आए अनेक अनूठे आवेदन



भिलाई नगर, 20 सितंबर।आज कलेक्टर जनदर्शन में एक अनूठा आवेदन लेकर आवेदक कलेक्टोरेट सभागार में पहुंचा। उसने आवदेन किया कि स्कूलों में खासकर विद्यार्थियों की कक्षा लेने के दौरान शिक्षकों के मोबाइल को भी प्रतिबंधित किया जाना चाहिए। उसका तर्क था कि ऐसे में शिक्षक विद्यार्थियों की और बेहतर तरीके से ध्यान केंद्रित कर सकेंगे और इससे शिक्षा के स्तर पर अच्छे परिणाम मिलेंगे।
आवेदक ने कलेक्टर पुष्पेन्द्र कुमार मीणा से विशेष अनुरोध किया कि शाला के खुलने से लेकर बंद होने तक आवेदन अनुरूप इसका परिपालन कराया जाए। इस पर कलेक्टर ने भी वस्तुस्थिति अनुरूप आवेदन पर संज्ञान लेने की बात कही है। ग्राम पंचायत धौराभाठा में हैण्डपंप के पास नाली नहीं होने के कारण अति गंदगी बनी रहती है, जिसके कारण ग्रामवासियों को कई तरह कि बीमारियां होने की संभावना है। इस संबंध में मिले आवेदन को कलेक्टर ने संज्ञान लेते हुए जिला पंचायत सीइओ को निर्देशित करते हुए त्वरित निराकरण के आदेश दिए।


गौरतलब हो कि जनदर्शन में आज एक 78 वर्षीय दिव्यांग महिला अपनी पेंशन संबंधी समस्या को लेकर कलेक्टर के समक्ष पहुंची जिसका सर्वे सूची में नाम नहीं होने से पेंशन नहीं मिल पा रही है।कलेक्टर ने संज्ञान लेते हुए समाज कल्याण विभाग को निर्देशित करते हुए त्वरित निराकरण के आदेश दिए।
कलेक्टर ने जनदर्शन के पश्चात सभी अधिकारियों कहा कि जन चौपाल में आए समस्याओं के आवेदनों का तुरंत निराकरण किया जाए। लंबित प्रकरणों का निराकरण शीघ्रता से किया जाए। इस दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई, अपर कलेक्टर अरविंद एक्का और जिला पंचायत सीईओ अश्विनी देवांगन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।