बीचबचाव में आई बहन का बाल खिंचा, भाई पर चाकू से हमला कर भागे आरोपी, छावनी पुलिस जुटी जांच में

बीचबचाव में आई बहन का बाल खिंचा, भाई पर चाकू से हमला कर भागे आरोपी, छावनी पुलिस जुटी जांच में



भिलाई नगर, 20 सितंबर। कल देना बैंक पावर हाउस के पीछे सेक्टर-11 में एक युवक पर चाकू से हमला कर आरोपियों ने बीचबचाव कर रही उसकी बहन से भी जमकर मारपीट की है। घटना की रिपोर्ट पर छावनी पुलिस ने आरोपी एस निवास और एस राजेश के खिलाफ धारा 294, 323, 34, 506 बी के तहत जुर्म दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।
छावनी थाना से मिली जानकारी के अनुसार सेक्टर-11, जोन-1, सडक-8 निवासी 15 वर्षीय किशोरी ने बताया कि कल दोपहर मोहल्ले के लड़के एस निवास एवं एस राजेश दोनों उसके घर के सामने आकर पुरानी बातों को लेकर भाई एस अभिषेक से जबरन वाद विवाद करने लगे। गाली गलौज करते हुए दोनों ने एक राय होकर उसके भाई अभिषेक को जान से मारने की धमकी दे रहे थे। अभिषेक द्वारा गाली देने से मना करने पर एस निवास ने किसी धारदार चीज से अभिषेक के हाथ पर वार किया जिससे खून निकलने लगा तभी राजेश हाथ मुक्का से उसे पीटने लगा। घटना को देखकर बहन बीच बचाव करने गयी तो निवास एवं राजेश ने उसका बाल खींचकर हाथ मुक्का से उसे भी मारा। इस दौरान पड़ोसी ए डेसी, देवी एवं आसपास के लोगों की भीड़ देख आरोपी भाग गए।