ट्रेलर से टकराने वाली कार का चालक गिरफ्तार, घायलों की हालत गंभीर, सेक्टर-9 अस्पताल में उपचार जारी

ट्रेलर से टकराने वाली कार का चालक गिरफ्तार, घायलों की हालत गंभीर, सेक्टर-9 अस्पताल में उपचार जारी



भिलाई नगर, 12 सितंबर। कल रात सेक्टर 10 गणेश पंडाल के पास हुए सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई वहीं तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के समय कार एक ही युवक था और वही कार चला रहा था। चालक हुडको का रहने वाला बताया जा रहा है। वह ग्लोब चौक से होते हुए अपने घर जा रहा था तभी अचानक यह हादसा हुआ। पुलिस ने कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
गौरतलब हो कि कल रात लगभग 12 बजे एक तेज रफ्तार कार चालक अपना संतुलन खो बैठा और सामने गणपति विसर्जन के लिए जा रहे ट्रेलर को टक्कर मार दी। भिलाई नगर पुलिस के मुताबिक सेक्टर 6 पेट्रोल पंप के पास बांके बिहारी संस्कृति मंच ने गणेश प्रतिमा स्थापित की थी। कल देर रात लगभग 12 से 1 बजे के बीच समिति के लोग बप्पा की प्रतिमा को ट्रेलर में रखकर विसर्जन के लिए जा रहे थे।

समिति के लोग डीजे की धुन में थिरकते हुए सेक्टर-10 गणेश पंडाल के पास पहुंचे थे तभी अचानक एक कार ग्लोब चौक से सेक्टर 9 चौक की तरफ जा रही थी। कार काफी स्पीड में थी और चालक अपना संतुलन खो बैठा। उसने कार को गणेश विसर्जन करने जा रहे जत्थे में घुसा दिया, इससे कार ट्रेलर के पिछले हिस्से में जाकर टकरा गई। ट्रेलर में पीछे बैठकर प्रसाद वितरण कर रहे सेक्टर 6 सड़क 37 निवासी रामा शंकर (30 वर्ष) और नेवई थाने के मरोदा का रहने वाला नीरज वर्मा (37 वर्ष) कार टकराने से उसकी चपेट में आ गए। शंकर की मौके पर ही मौत हो गई जबकि नीरज को तुरंत सुपेला अस्पताल ले जाया गया, इस दौरान उसने दम तोड़ दिया। इस दुर्घटना में तीन अन्य लोग भी घायल हुए हैं उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। समिति के लोगों ने पुलिस की मदद से तुरंत घायलों को सेक्टर 9 अस्पताल पहुंचाया। मौके पर समिति के लोगों ने देर रात जमकर हंगामा भी किया। भिलाई नगर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को किसी तरह शांत कराया।