विसर्जन के लिए गणपति ले जा रहे ट्रेलर में जा घुसी कार, दो की मौत, सेंट्रल एवेन्यू पर रात में हादसा

विसर्जन के लिए गणपति ले जा रहे ट्रेलर में जा घुसी कार, दो की मौत, सेंट्रल एवेन्यू पर रात में हादसा



भिलाई नगर, 12 सितंबर। टाउनशिप के सेंट्रल एवेन्यू पर रविवार रात गणपति विसर्जन के दौरान भयानक हादसा हो गया। प्रतिमा विसर्जन के लिए जा रहे ट्रेलर में तेज रफ्तार से आई कार घुस गई जिससे ट्रेलर में बैठे दो लोग कार के नीचे आ गए और उनकी मौत हो गई। वही अन्य कुछ लोगों को गंभीर चोटे आई है। घटना रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है।


मिली जानकारी के अनुसार यंग गणेश उत्सव समिति सेक्टर-6 के लोग गणपति की प्रतिमा विसर्जन के लिए शिवनाथ नदी जा रहे थे। तभी ग्लोब चौक को पार कर जैसे ही ट्राली थोड़ी ही दूर पहुंची थी कि सामने से आई एक कार ट्रेलर के पिछले हिस्से में घुस गई। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि ट्रेलर के किनारे बैठे मरोदा बस्ती नेवई निवासी शंकर वर्मा और सेक्टर-6 के रहने वाले नीरज झटके से नीचे गिर गए और सीधे कार के अंदर घुस गए। बताया जा रहा कि दोनों युवक ट्रेलर के पीछे बैठ प्रसाद बाट रहे थे। ठोकर से कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।

शंकर की मौके पर मौत हो गई जबकि नीरज को गंभीर हालत में सेक्टर 9 हॉस्पिटल ले जाया गया मगर रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया। कार के ट्रेलर में घुसते ही कार चालक और उसके बगल में बैठा एक व्यक्ति दोनों ही वाहन छोड़ फरार हो गए हैं। घटना से डरा ट्रेलर का ड्राइवर भी भाग खड़ा हुआ है। गणपति विसर्जन की व्यवस्था बनाने चौक-चौराहों पर तैनात पुलिस भी घटनास्थल पर चंद मिनट में ही पहुंच गई और मामला दर्ज किया। इस घटना में कुछ लोगों को चोट भी आई है।