रिटायर्ड सरकारी अधिकारी से चाकू की नोक पर सवा लाख लूटने वाले गिरफ्तार

रिटायर्ड सरकारी अधिकारी से चाकू की नोक पर सवा लाख लूटने वाले गिरफ्तार



भिलाई नगर, 10 सितंबर। उतई पुलिस ने सरकारी सेवानिवृत्त अधिकारी को चाकू दिखा 1 लाख 30 हजार रुपए की लूट करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों में कोसानगर निवासी युवराज साहू, वीर नारायण सिंह नगर वार्ड-51 निवासी सोमल राजू, पुरैना स्टोर पारा निवासी गोलू उर्फ खिरोमणी सिक्का, जी केबिन निवासी हिमालय बाघ व महेश महतो उर्फ लखन महतो शामिल हैं। विगत दिनों उमेंद्र कुर्रे निवासी ग्राम मर्रा की शिकायत पर सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 394 और 120 बी के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया था। कल गिरफ्तारी बाद सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस को उमेंद्र ने बताया कि घटना 8 सिंतबर को शाम करीब 4 बजे मर्रा गांव की सोसाइटी के सामने हुई। वह भिलाई स्थित इलाहाबाद बैंक से रूपया निकालकर अपने गांव मर्रा लौट रहा था तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने रास्ता रोका और चाकू दिखा रुपयों भरा बैग छीन ले गए। पूछताछ में उमेंद्र ने पुलिस को बताया कि बैंक में पैसा निकालने के दौरान उसने युवराज नाम के युवक से मदद ली थी। पुलिस ने युवराज को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी ने प्लानिंग के तहत लूट की वारदात को अपने साथियों के साथ मिलकर कारित करना कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपियों से लूट की रकम, बाइक और मोबाइल भी जब्त किया है।