दुर्ग 8 सितंबर । कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा के पास राजस्व विभाग की महिला पटवारी सुश्री इन्द्रा मनोचा के विरुद्ध भ्रष्टाचार का प्रकरण सामने आया। प.ह.नं.50 तहसील व जिला दुर्ग में पदस्थ इस पटवारी के द्वारा रिश्वत मांगे जाने का ऑडियो और वीडियो क्लिप शिकायतकर्ता के द्वारा प्रस्तुत किया गया । प्रथम दृष्टया में यह आरोप सत्य प्रतीत होने पर कलेक्टर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए, वस्तुस्थिति का संज्ञान लिया और तत्काल दोषी महिला पटवारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उसे प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
कलेक्टर ने अन्य शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने कार्य को कर्तव्य एवं निष्ठा पूर्वक करने की सलाह भी दी है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि शासकीय कर्मचारी व प्रशासनिक अमला आमजन की सेवा के लिए है, इसलिए प्रत्येक शासकीय अधिकारी एवं कर्मचारी का कर्तव्य है कि वह आम नागरिकों को यह सेवा बिना किसी बाधा के मुहैया कराये और नागरिकों के अधिकारों का संरक्षण करे।
गौरतलब हो कि इस महिला पटवारी की शिकायतें ग्राम कुरूद वासियों के द्वारा भी जनदर्शन कार्यक्रम में भी की गई थी । पूर्व से ही इस महिला पटवारी का कार्यकाल विवादित रहा है। जिन स्थानों पर पदस्थापना में रही वहां किसी न किसी मामले को लेकर विवाद होता रहा है।
महिला पटवारी को कलेक्टर ने किया निलंबित, शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांगने का दिया था ऑडियो एवं वीडियो क्लिप

