भिलाई नगर, 6 सितंबर। कल रात केम्प-1 स्थित 18 नंबर रोड, पानी टंकी के पीछे कुछ युवकों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर जमकर मारपीट हुई है। लात घुसा और डंडा से हुई इस मारपीट में सभी को चोट आई है। दोनों पक्षों की काउंटर रिपोर्ट पर छावनी पुलिस ने देर रात धारा 294, 323, 34 व 506बी के तहत 4 आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार यह विवाद रात 8 बजे गायत्री आटा चक्की के पास राजकुमार और सुनील गुप्ता के बीच शुरू हुआ और गणेश पंडाल के पास दोनों ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक-दूसरे से जमकर मारपीट की है। 11वीं के छात्र राजकुमार ने पुलिस को बताया कि वह जब गणेश पंडाल के पास था तभी सिंह किराना स्टोर्स के सामने पूर्व विवाद को लेकर सुनील गुप्ता एवं आशिक आए और उससे धक्कामुक्की करने लगे। तभी राजकुमार का साथी निखिल शर्मा वहां आया और देखते ही देखते चारों मारपीट करने लगे। राजकुमार के बाएं पैर में, निखिल की पीठ, सुनील गुप्ता के सिर, पैर में चोट आई है। जानकारी मिलने पर पुलिस ने घायलों का मुलाहिजा करवाया और रिपोर्ट दर्ज की है।

