पटना, 3 सितंबर। आज पटना में जेडीयू की होने वाली राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक से पहले 5 विधायक पार्टी को तगड़ा झटका देते हुए भाजपा में शामिल हो गए हैं। ये विधायक मणिपुर में जनता दल यूनाइटेड से जीते 6 विधायकों में से हैं जिनमें 5 विधायकों ने पाला बदल लिया और भाजपा में शामिल हो गए हैं। इनमें केएच जॉयकिशन, एन सनाते, मोहम्मद अछब उद्दीन, पूर्व पुलिस महानिदेशक एएम खाउटे और थांगजाम अरूण कुमार शामिल हैं।
गौरतलब हो कि मणिपुर विधानसभा सचिवालय ने भी इन विधायकों के भाजपा में शामिल की जानकारी दी है। जडीयू ने इस साल मार्च में हुए मणिपुर विधानसभा चुनाव में 38 सीटों पर प्रत्याशी उतारे थे जिसमें से छह सीटों पर जीत दर्ज की थी। अब वहां सिर्फ एक विधायक ही जेडीयू में बचा है। बताया जा रहा है कि एनडीए से बाहर होने के निर्णय से जेडीयू के ये विधायक नाराज थे। सभी विधायक जेडीयू के एनडीए गठबंधन से बाहर आने के फैसले से नाराज थे और उन्होंने ये फैसला नीतीश कुमार के उस ऐलान के बाद किया जिसमें उन्होंने मणिपुर में भाजपा सरकार से अपना समर्थन वापस लेने की बात कही थी। एक तरफ जेडीयू ने इसे असंवैधानिक बताया है, तो दूसरी तरफ भाजपा उन विधायकों का खुले दिल से स्वागत कर रही है।
भाजपा नेता सुशील मोदी ने कहा कि बिहार को भी जल्द जेडीयू मुक्त करेंगे। उन्होंने ट्वीट किया है कि अरुणाचल के बाद मणिपुर भी जेडीयू मुक्त। बहुत जल्द लालूजी बिहार को भी जेडीयू मुक्त कर देंगे। विदित हो कि हाल ही में अरुणाचल प्रदेश में भी जेडीयू का एक विधायक भाजपा में शामिल हो गया था।
बिग ब्रेकिंग-नितिश कुमार को करारा झटका, राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक को “टाटा” कह 5 विधायक बीजेपी में शामिल

