डेढ़ लाख का आभूषण और नगद चोरी, पदुम नगर में टूटा ताला

डेढ़ लाख का आभूषण और नगद चोरी, पदुम नगर में टूटा ताला



भिलाई नगर, 29 अगस्त। बिलासपुर रिश्तेदार की शादी में गए पदुम नगर भिलाई-3 निवासी राव परिवार के सुने मकान का ताला तोड़ अज्ञात चोर लगभग डेढ़ लाख का जेवरात और 12 हजार नगद ले निकल भागा है। कल परिवार के लौटने पर चोरी का खुलासा हुआ। पुरानी भिलाई पुलिस ने धारा 380, 457 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।
भिलाई-3 थाना एसआई लाभराम ध्रुव ने बताया कि एलआईजी-51 पदुम नगर निवासी जी किरण राव (48 वर्ष) शनिवार को परिवार के साथ घर के सभी कमरों के दरवाजे अच्छे से बंद कर शादी कार्यक्रम में शामिल होने बिलासपुर गए। वहां से शादी कार्यक्रम संपन्न होने के पश्चात कल जब बिलासपुर से वापस लौटे तो घर का मुख्य दरवाजा खुला मिला। अंदर जाकर देखे तो बैडरूम में रखी आलमारी का लाॅक टूटा एवं सामान बिखरा हुआ था। आलमारी के लाॅकर में रखा सोने का दो कंगन, एक सोने की चैन लाकेट लगी हुई एवं चांदी का कटोरी 4 नग, चांदी का मूर्ति 2 नग और नगदी 12 हजार रूपया चोरी हो गया है। किरण की रिपोर्ट पर पुलिस तफ्तीश में जुटी है।