बच्ची का था जन्मदिन, घर में कोई फोन नहीं उठा रहा था, दरवाजा तोड़ पुलिस भीतर घुसी तो अंदर मिले 6 लोगों के शव, पूरा परिवार खत्म, जांच जारी

बच्ची का था जन्मदिन, घर में कोई फोन नहीं उठा रहा था, दरवाजा तोड़ पुलिस भीतर घुसी तो अंदर मिले 6 लोगों के शव, पूरा परिवार खत्म, जांच जारी



अंबाला, 26 अगस्त। हरियाणा के अंबाला में एक ही परिवार के 6 लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है, यह खबर सुबह से पूरे इलाके में सनसनी की तरह फैल गई। खबर मिलते ही पुलिस के साथ ही सीन ऑफ क्राइम की टीम भी मौके पर पहुंची। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों में एक छोटी बच्ची भी है जिसका आज जन्मदिन था।
यह मामला अंबाला जिले के बुलाना गांव का है। पड़ोसियों ने बताया कि मृतक की बेटी का फोन आया कि घर पर कोई भी फोन नहीं उठा रहा है। घर जाकर उन्होंने दरवाजा खटखटाया लेकिन किसी ने भी न तो दरवाजा खोला और न ही कुछ कहा। जिसके बाद रिश्तेदारों को इसकी जानकारी दी गई। बाद में दरवाजा खोला गया तो पति-पत्नि का शव बिस्तर पर पड़ा था। दूसरे कमरे में उनके बच्चों के शव थे। मृतकों में 65 वर्षीय संगत राम, उनकी पत्नि महिंद्रो कौर, पुत्र सुखविंदर सिंह और उसकी पत्नी रीना, उनकी 5 वर्षीय पुत्री आशु और 7 वर्षीय पुत्री जस्सी शामिल हैं। फिलहाल पूरे परिवार की मौत किन कारणों से हुई अभी इसका पता नहीं चल पाया है। मामले में पुलिस गांव वालों से और रिश्तेदारों से पूछताछ कर रही है। पुलिस जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।