ढांचा भवन क्षेत्र में मिला भारत का सबसे जहरीला सांप “रसेल वाइपर”, इसका कांटा पानी भी नहीं मांगता

ढांचा भवन क्षेत्र में मिला भारत का सबसे जहरीला सांप “रसेल वाइपर”, इसका कांटा पानी भी नहीं मांगता


ढांचा भवन क्षेत्र में मिला भारत का सबसे जहरीला सांप “रसेल वाइपर”, इसका कांटा पानी भी नहीं मांगता

भिलाई नगर, 23 अगस्त।आज कैलाश नगर से लगे ढांचा भवन में एक सांप अपनी पूंछ हिलाकर तेज आवाज निकाल रहा था। कुछ देर में कुंडली मारके बैठ गए इस सांप के बीच बीच में अटैकिंग मोड पर देख लोग डर गए और तत्काल डायल 112 को खबर की। टीम स्नेक कैचर के साथ मौके पर पहुंची और सर्प का रेस्क्यू कर ले गई। इस सांप की पहचान देश के सबसे जहरीले रसेल वाइपर के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार ढांचा भवन स्थित एक घर के पीछे इस सर्प को देख लोग डर गए। इससे पहले कि सांप किसी को नुकसान पहुंचाता घरवालों ने डायल 112 में फोन कर इसकी सूचना दी। डायल 112 की टीम ने स्नेक कैचर राजा साव को लेकर तुरंत मौके पर पहुंची और सांप का रेस्क्यू किया।

राजा ने बताया कि यह कोई मामूली सांप नहीं बल्कि रसेल वाइपर है जो भारत के सबसे जहरीले सांपों में से एक है। ऐसा कहा जाता है कि यदि यह एक बार काट ले तो इंसान पानी भी नहीं मांगता। एक घंटे के अंदर इंसान की मौत हो जाती है।

स्नेक कैचर राजा ने बताया कि सांप सामान्य तौर पर अंडे देते हैं और उन्हें सेते हैं लेकिन रसेल वाइपर प्रजाति के सांप अपने शरीर के अंदर ही अंडों को सेते हैं। उसके बाद फिर बच्चों को जन्म देते हैं। इस प्रजाति के बच्चे जन्म लेते ही बेहद जहरीले होते हैं। रसेल वाइपर प्रजाति के सांप के काटने से खून में थक्के पड़ने लगते हैं, इससे खून का बहाव रुक जाता है और व्यक्ति की कुछ ही घंटों के अंदर मौत हो जाती है।

ढांचा भवन में यह सांप लोगों को देखकर अटैकिंग मोड में था, राजा ने सभी लोगों को वहां से दूर किया और बड़ी सावधानी के साथ उसका रेस्क्यू कर उसे डिब्बा में डाला। इसके बाद उसे जंगल में छोड़ दिया गया है।