हाउसिंग बोर्ड होटल व्यवसायी को जेवरात नगदी समेत साढे़ 6 लाख का चूना, सीसीटीवी डीवीआर भी उठा ले गए विशाखापट्टनम शादी में गया था परिवार
भिलाई नगर, 25 अगस्त। कुम्हारी थानांतर्गत हाउसिंग बोर्ड में होटल व्यवसायी के सुने मकान का ताला तोड़ अज्ञात चोर डेढ़ लाख नगद और पांच लाख के जेवरात चोरी कर निकल भागे हैं। आरोपी घर में लगा सीसीटीवी कैमरा और डीवीआर भी साथ ले गए हैं। सूचना पर पुलिस ने धारा 380, 457 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।
कुम्हारी थाना एएसआई अजय सिंह ने बताया कि होटल व्यवसायी परिवार समेत विशाखापट्टनम अपने मित्र के घर शादी में गए थे तभी अज्ञात चोरों ने घटना को अंजाम दिया है। चोरी की खबर मिलते ही परिवार के लौटने पर पुलिस टीम ने मौका मुआयना किया है।
मिली जानकारी के मुताबिक हाउसिंग बोर्ड कुम्हारी निवासी अमरजीत सिंह गिल (48 वर्ष) इन्द्रप्रस्थ होटल कुम्हारी के संचालक हैं। वो 19 अगस्त को अपने दोस्त के बेटे की शादी में भांजे राहुल सिंह को घर की चाबी देकर पत्नि कलवंत कौर, बेटी अनमोल और बेटा गगनदीप के साथ विशाखापट्टनम गए। सोमवार की रात राहुल ने फोन कर बताया कि वह हाउसिंग बोर्ड उनके घर आया तो मेन दरवाजा का ताला टूटा हुआ था तथा खिड़की से देखा तो घर के अंदर का सामान बिखरा पड़ा हुआ है। उसे अंदर न जाने तथा पुलिस को सूचना देने के बाद अमरजीत कल परिवार के साथ लौटे और भीतर देखा कि रूम का आलमारी में रखा 1 लाख 50 हजार नगद गायब है। एक नग सोने की चेन 20 ग्राम, दूसरे रूम की ड्रेसिंग की आलमारी का ताला टूटा मिला और उसमें रखा दो नग सोने का हार 80 ग्राम, एक जोड़ी कान का बाली 20 ग्राम, एक नग सोने का मांग टिका 1.5 ग्राम तथा घर में लगे सीसीटीवी कैमरा का डीवीआर भी चोरी हो गया है।

