🛑पूर्व में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के बावजूद दोबारा आपत्तिजनक पोस्ट करने का आरोप, व्हाट्सएप स्टेटस पर राजस्व अधिकारियों के खिलाफ सामग्री डालने का मामला
दुर्ग, 06 नवंबर 2026। बाउंड ओवर की शर्तों का उल्लंघन करने के मामले में दुर्ग जिले के पुलगांव थाना पुलिस ने ग्राम समोदा के सरपंच अरुण गौतम को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने इस कार्रवाई को छत्तीसगढ़ में अपनी तरह की पहली कार्रवाई बताया है। आरोपी पर व्हाट्सएप स्टेटस के माध्यम से प्रशासनिक राजस्व अधिकारियों के संबंध में आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने का आरोप है।
दुर्ग पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम समोदा निवासी जितेंद्र देशमुख ने अरुण गौतम के खिलाफ लिखित शिकायत प्रस्तुत की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि अरुण गौतम ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर प्रशासनिक राजस्व अधिकारियों के संबंध में आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट की है।
शिकायत एवं अनुविभागीय दंडाधिकारी दुर्ग से प्राप्त ज्ञापन के आधार पर थाना पुलगांव में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 950/26, धारा 296 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं धारा 67 आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया तथा पोस्ट करने में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन को जब्त कर लिया।
पहले भी हो चुकी थी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, अरुण गौतम के विरुद्ध पूर्व में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए बाउंड ओवर कराया गया था। इसके बावजूद दोबारा आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट किए जाने की शिकायत सामने आई। इसे बाउंड ओवर की शर्तों का उल्लंघन मानते हुए पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई की।
बाउंड ओवर को निरस्त किए जाने एवं संबंधित कार्रवाई के लिए अनुविभागीय दंडाधिकारी दुर्ग के न्यायालय में प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। इसके बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कराया गया।
सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी से पोस्ट करने की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से सोशल मीडिया का उपयोग जिम्मेदारी और मर्यादा के साथ करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि किसी व्यक्ति अथवा अधिकारी के संबंध में आपत्तिजनक या कानून का उल्लंघन करने वाली सामग्री पोस्ट करने से बचें। प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत कराए गए बाउंड ओवर की शर्तों का पालन करें। कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


