🛑चोरी की TVS iQube बेचने के लिए तलाश रही थी ग्राहक, स्मृति नगर पुलिस ने दबोचा
भिलाई नगर, 05 नवंबर 2026। शंकराचार्य अस्पताल, जुनवानी की पार्किंग से TVS iQube स्कूटी चोरी करने के मामले में दुर्ग पुलिस ने एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की स्कूटी सेक्टर-4 भिलाई स्थित एम.ओ.एच. हॉस्टल परिसर से बरामद कर जप्त कर लिया है। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अमन कुमार गेन्ड्रे ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 30 अक्टूबर 2026 की रात्रि से 31 अक्टूबर की सुबह के बीच उनकी TVS iQube स्कूटी क्रमांक CG 07 DA 7902 शंकराचार्य अस्पताल, जुनवानी की पार्किंग से अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर ली गई है।
मामले में चौकी स्मृति नगर, थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1638/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
चोरी की स्कूटी बेचने ग्राहक तलाश रही थी महिला
विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सेक्टर-4 भिलाई क्षेत्र में एक महिला चोरी की स्कूटी बेचने के लिए ग्राहक तलाश रही है। सूचना मिलते ही स्मृति नगर पुलिस की टीम महिला पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर पहुंची और संदेही महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में महिला ने स्कूटी चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की TVS iQube स्कूटी सेक्टर-4, सड़क नंबर 19 स्थित एम.ओ.एच. हॉस्टल परिसर से बरामद कर जप्त कर लिया।
धमतरी की रहने वाली है आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कु. भोज निषाद, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम बोरसी, शीतला पारा, वार्ड क्रमांक 01, थाना मगरलोड, जिला धमतरी के रूप में हुई है। उसका वर्तमान पता सेक्टर-4, सड़क नंबर 19, एम.ओ.एच. हॉस्टल, थाना भिलाई भट्ठी, जिला दुर्ग बताया गया है।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
दुर्ग पुलिस की नागरिकों से अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपने दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर खड़ा करने, लॉक सहित अन्य सुरक्षा उपाय अपनाने की अपील की है। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों द्वारा कम कीमत पर वाहन बेचने के प्रयास की सूचना तत्काल पुलिस को देने तथा चोरी के वाहन खरीदने-बेचने से बचने की सलाह दी है।


