🛑सभापति केशव बंछोर ने कलेक्टर को सौंपा पत्र, राज्य निर्वाचन आयोग से मार्गदर्शन लेने का आग्रह
🛑23 अक्टूबर से 11 नवंबर के बीच 18 वर्ष के युवाओं के नाम निर्वाचन सूची में हो शामिल
दुर्ग, 03 नवंबर 2026। नगर पालिक निगम रिसाली के आगामी निर्वाचन में नए युवा मतदाताओं को मतदान का अवसर प्रदान करने की मांग उठी है। इस संबंध में रिसाली निगम के सभापति केशव कुमार बंछोर ने कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी, दुर्ग को पत्र लिखकर 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र युवाओं के नाम नगर निगम की निर्वाचन नामावली में शामिल करने की मांग की है।
पत्र में कहा गया है कि नगर पालिका निर्वाचन वर्ष 2026 के अंतर्गत राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 अक्टूबर 2026 को संदर्भ तिथि मानते हुए विधानसभा निर्वाचन नामावली में दर्ज मतदाताओं के नाम नगर निगम की निर्वाचन नामावली में सीधे शामिल किए जाने का प्रावधान किया गया है।
दावा-आपत्ति के दौरान नए मतदाताओं के नाम जोड़ने की मांग
केशव कुमार बंछोर ने बताया कि दावा-आपत्ति प्रक्रिया के दौरान 23 अक्टूबर से 11 नवंबर 2026 के बीच 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले कई युवा मतदाता ऐसे हैं, जिन्होंने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 63-दुर्ग ग्रामीण की मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए प्रारूप-6 में आवेदन प्रस्तुत किया है।
उन्होंने मांग की है कि ऐसे पात्र युवाओं को नगर पालिक निगम रिसाली के संबंधित वार्डों की निर्वाचन नामावली में भी नाम शामिल कराने की पात्रता प्रदान की जाए, ताकि कोई भी युवा अपने लोकतांत्रिक मताधिकार से वंचित न रहे।
राज्य निर्वाचन आयोग से मार्गदर्शन लेने का आग्रह
पत्र के माध्यम से कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी से आग्रह किया गया है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाए तथा राज्य निर्वाचन आयोग से उचित पहल और मार्गदर्शन प्राप्त किया जाए।
उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी पात्र युवाओं को नगर पालिका निर्वाचन 2026 में मतदान का अवसर मिलना चाहिए। इसके लिए निर्वाचन नामावली में नाम शामिल करने की प्रक्रिया को लेकर स्पष्टता और आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करना जरूरी है। अब इस मांग पर जिला निर्वाचन प्रशासन और राज्य निर्वाचन आयोग की पहल पर नजर रहेगी।



