भिलाई में 4-5 नवंबर को स्वर्गीय डॉ. स्तेफानोस मार थेवोदोसियोस का 19वां स्मृति पर्व

भिलाई में 4-5 नवंबर को स्वर्गीय डॉ. स्तेफानोस मार थेवोदोसियोस का 19वां स्मृति पर्व


🛑सेंट थॉमस मिशन का 54वां वार्षिक समारोह 5 नवंबर को

🛑मुख्य अतिथि होंगे कोच्चि डायोसिस के मेट्रोपॉलिटन एच.जी. डॉ. याकूब मार इरेनिओस, धर्माध्यक्ष अलेक्सियोस मार यूसेबियस करेंगे पवित्र कुरबाना

भिलाईनगर, 02 नवंबर 2026। सेंट थॉमस मिशन, भिलाई के संस्थापक निदेशक एवं मद्रास और कलकत्ता धर्मप्रांत के प्रथम मेट्रोपॉलिटन स्वर्गीय बिशप डॉ. स्तेफानोस मार थेवोदोसियोस का 19वां स्मृति पर्व 4 एवं 5 नवंबर 2026 को श्रद्धा और आध्यात्मिक गरिमा के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर सेंट थॉमस मिशन, भिलाई का 54वां वार्षिक समारोह भी 5 नवंबर को आयोजित होगा।

मलंकारा ऑर्थोडॉक्स सीरियन चर्च, कलकत्ता धर्मप्रांत के अंतर्गत सेंट थॉमस आश्रम चैपल, कैलाश नगर, भिलाई में आयोजित होने वाले इस धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम में कोच्चि धर्मप्रांत के मेट्रोपॉलिटन एच.जी. डॉ. याकूब मार इरेनिओस मुख्य उत्सवाधिकारी (Chief Celebrant) के रूप में शामिल होंगे। वहीं, कलकत्ता धर्मप्रांत के मेट्रोपॉलिटन एवं सेंट थॉमस मिशन के निदेशक एच.जी. अलेक्सियोस मार यूसेबियस भी विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागी होंगे।

चार दिवसीय कार्यक्रम में होंगे धार्मिक अनुष्ठान

स्मृति पर्व के कार्यक्रमों की शुरुआत 1 नवंबर, रविवार को सुबह 7 बजे पवित्र कुरबाना एवं पर्व ध्वजारोहण के साथ हो चुकी है। ध्वजारोहण सेंट थॉमस मिशन के थॉमस रब्बान के द्वारा किया गया।

2 नवंबर, सोमवार को संत ग्रेगोरियस ऑफ परुमाला के पर्व के अवसर पर सुबह 6 बजे प्रार्थना एवं पवित्र कुरबाना आयोजित किया गया।

3 नवंबर, मंगलवार को सुबह 6 बजे प्रार्थना एवं पवित्र कुरबाना तथा शाम 6 बजे संध्याकालीन प्रार्थना होगी।

4 नवंबर, बुधवार को सुबह 7 बजे हिंदी में प्रार्थना एवं पवित्र कुरबाना होगा। इसमें कलकत्ता धर्मप्रांत के मेट्रोपॉलिटन एच.जी. अलेक्सियोस मार यूसेबियस मुख्य उत्सवाधिकारी होंगे। शाम 5:30 बजे एमजीओ कैथेड्रल से कालीबाड़ी चौक होते हुए सेंट थॉमस आश्रम तक धार्मिक शोभायात्रा (रासा) निकाली जाएगी।

शाम 7 बजे मार थेवोदोसियोस स्मृति व्याख्यान आयोजित होगा। इसमें कोट्टायम स्थित ऑर्थोडॉक्स थियोलॉजिकल सेमिनरी के प्रोफेसर फादर डॉ. जैकब मैथ्यू व्याख्यान देंगे। शाम 7:45 बजे समाधि स्थल पर धूप प्रार्थना एवं अपोस्टोलिक आशीर्वाद प्रदान किया जाएगा।

5 नवंबर को 54वां वार्षिक समारोह और सम्मान

5 नवंबर, गुरुवार को सुबह 7 बजे प्रार्थना एवं पवित्र कुरबाना होगा। सुबह 10 बजे कोच्चि धर्मप्रांत के मेट्रोपॉलिटन एच.जी. डॉ. याकूब मार इरेनिओस मुख्य उत्सवाधिकारी के रूप में पवित्र कुरबाना संपन्न कराएंगे। इसके बाद क्रॉस श्राइन तक शोभायात्रा, समाधि स्थल पर धूप प्रार्थना एवं आशीर्वचन होगा।

सुबह 10:30 बजे नाश्ते के बाद 11 बजे सेंट थॉमस मिशन, भिलाई का 54वां वार्षिक समारोह आयोजित किया जाएगा। इस दौरान मार थेवोदोसियोस द्विवार्षिक पुरस्कार प्रदान किया जाएगा तथा एमजीएम ग्रुप ऑफ स्कूल्स के मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया जाएगा।

कार्यक्रम का समापन दोपहर 1 बजे प्रेम भोज (लव फीस्ट) एवं पर्व ध्वज अवरोहण के साथ होगा।

धर्माध्यक्षों की उपस्थिति में होगा आयोजन

इस आयोजन में मलंकारा ऑर्थोडॉक्स सीरियन चर्च के कैथोलिकोस ऑफ द ईस्ट एवं मलंकारा मेट्रोपॉलिटन परम पावन बेसिलियस मार्थोमा मैथ्यूज तृतीय, कोच्चि धर्मप्रांत के मेट्रोपॉलिटन एच.जी. डॉ. याकूब मार इरेनिओस तथा कलकत्ता धर्मप्रांत के मेट्रोपॉलिटन एच.जी. अलेक्सियोस मार यूसेबियस की उपस्थिति विशेष रहेगी।

कलकत्ता धर्मप्रांत के मेट्रोपॉलिटन एवं सेंट थॉमस मिशन के निदेशक तथा मिशन के सचिव फादर जैकब थॉमस और कलकत्ता धर्मप्रांत के सचिव फादर स्टेगिन जॉन मैथ्यू ने श्रद्धालुओं से सभी कार्यक्रमों में प्रार्थना एवं सहभागिता के साथ उपस्थित होकर आध्यात्मिक आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।

आयोजन स्थल: सेंट थॉमस आश्रम, मार थेवोदोसियोस मार्ग, कैलाश नगर, इंडस्ट्रियल एस्टेट पोस्ट, भिलाई, जिला दुर्ग, छत्तीसगढ़।