सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने पर दुर्ग पुलिस का शिकंजा, 27 लोगों पर कार्रवाई

सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने पर दुर्ग पुलिस का शिकंजा, 27 लोगों पर कार्रवाई


🛑खुर्सीपार में सबसे ज्यादा 11 प्रकरण दर्ज, उतई में 7 और कुम्हारी में 3 लोगों पर हुई कार्रवाई

दुर्ग, 01 नवंबर 2026। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और अड्डेबाजी करने वालों के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। 31 अक्टूबर को जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में चलाए गए इस अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करते पाए गए 27 लोगों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 36(च) के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन, अड्डेबाजी और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना तथा आम नागरिकों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना था। इसके तहत पुलिस टीमों ने चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों, पार्कों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सघन चेकिंग एवं निगरानी की।

खुर्सीपार में सबसे ज्यादा कार्रवाई

विशेष अभियान के दौरान थानावार कार्रवाई में खुर्सीपार पुलिस ने सबसे अधिक 11 प्रकरण दर्ज किए। इसके अलावा उतई में 7, कुम्हारी में 3, मोहन नगर में 2, नेवई में 2 और जामुल थाना क्षेत्र में 2 प्रकरण दर्ज किए गए। इस तरह जिले में कुल 27 प्रकरणों में कार्रवाई की गई।

असामाजिक गतिविधियों पर रहेगी पुलिस की नजर

अभियान में जिले के सभी थाना प्रभारियों, पुलिस अधिकारियों, थाना-चौकी स्टाफ और पेट्रोलिंग टीमों ने समन्वित रूप से कार्रवाई की। दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक व्यवस्था और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

दुर्ग पुलिस की नागरिकों से अपील

पुलिस ने आम नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन एवं अड्डेबाजी से दूर रहने और सार्वजनिक शांति बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। किसी भी प्रकार की संदिग्ध या असामाजिक गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी थाने अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना देने कहा गया है।