दुर्ग, 29 अक्टूबर 2026। दुर्ग जिले के अंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम विनायकपुर में तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की टक्कर से 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा 25 अक्टूबर की रात करीब 9:30 बजे विनायकपुर से खप्पड़वाड़ा जाने वाली मुख्य सड़क पर तालाब के पास हुआ। पुलिस ने मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक इन्द्रजीत पटेल पिता नंदलाल पटेल, निवासी आवास पारा, ग्राम आमटी, थाना अंडा, अपने दोस्त से मिलने ग्राम विनायकपुर गया था। रात में वह तालाब की ओर से पैदल वापस विनायकपुर की तरफ आ रहा था। इसी दौरान पीछे से आई मोटरसाइकिल ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक मौके से चला गया।
हादसे के बाद घायल इन्द्रजीत को डायल 112 की मदद से शासकीय जिला अस्पताल दुर्ग ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा किया और जांच शुरू की।
मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ मामला दर्ज
मर्ग जांच के दौरान चश्मदीद गवाह के बयान दर्ज किए गए। पुलिस के अनुसार, मोटरसाइकिल चालक द्वारा तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हादसा हुआ। मामले में अंडा थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल क्रमांक CG 24 N 7424 के चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत अपराध क्रमांक 0112/2026 दर्ज कर विवेचना में लिया है।
पुलिस मामले में हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

