राज्य स्तरीय योगासन खेल प्रतियोगिता का समापन, दुर्ग जिला प्रथम स्थान पर

राज्य स्तरीय योगासन खेल प्रतियोगिता का समापन, दुर्ग जिला प्रथम स्थान पर


🛑नांदगांव दूसरे और शक्ति जिला तीसरे स्थान पर रहा, विजेताओं को अतिथियों ने किया पुरस्कृत

भिलाईनगर, 26 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ प्रेम निरंजन योगासन खेल संघ एवं योग लंगर समिति भिलाई के संयुक्त तत्वावधान में परमहंस स्वामी सत्यानंद सरस्वती की स्मृति में आयोजित सातवीं सब जूनियर, जूनियर एवं सीनियर बालक-बालिका राज्य स्तरीय योगासन खेल प्रतियोगिता 2026 का समापन 25 अक्टूबर को सेक्टर-6 स्थित जगन्नाथ मंदिर परिसर में हुआ। प्रतियोगिता में दुर्ग जिले ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि नांदगांव जिला द्वितीय और शक्ति जिला तृतीय स्थान पर रहा।

प्रतियोगिता में 5 से 9 वर्ष, 9 से 14 वर्ष, 14 से 19 वर्ष, 19 से 28 वर्ष तथा 28 से 55 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। विभिन्न आयु वर्गों में खिलाड़ियों ने योगासन का प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. मानवेंद्र जंघेल, एमएस ऑर्थो एवं अस्थि रोग विशेषज्ञ थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रिसाली नगर निगम के सभापति केशव बंछोर ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में एलआईसी के पूर्व वरिष्ठ मंडल प्रबंधक पी.के. रॉय तथा अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा एवं समाज सेवी के कार्यकारिणी सदस्य अभय माहेश्वरी उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान अतिथियों ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया और उनका उत्साहवर्धन किया। आयोजन का उद्देश्य बच्चों, युवाओं एवं अन्य आयु वर्ग के लोगों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा योगासन खेलों को प्रोत्साहित करना रहा।

कार्यक्रम में आयोजक समिति के पदाधिकारियों, खिलाड़ियों एवं योग प्रेमियों की उपस्थिति रही।