🛑गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
भिलाईनगर, 25 अक्टूबर 2026। दुर्ग जिले के नेवई थाना क्षेत्र में शराब को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। टंकी मरोदा शराब भट्ठी से घर लौट रहे एक युवक पर नेवई भाठा के पास कथित तौर पर पत्थर से जानलेवा हमला कर दिया गया। आरोपी ने युवक के सिर पर पत्थर पटककर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद घायल युवक को एंबुलेंस की मदद से शासकीय अस्पताल दुर्ग पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई गई है।
शराब पीने-पिलाने की बात पर हुआ विवाद
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, घटना 24 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9:30 बजे की है। टंकी मरोदा निवासी युवराज विजयवार अपने घर पर थे, तभी उनके जीजा लकपति भगत ने फोन कर बताया कि उनके भाई राम राज विजयवार के साथ नेवई भाठा स्थित नर्सरी के पास विवाद हो गया है। आरोप है कि शराब पीने-पिलाने की बात को लेकर हुए विवाद के दौरान मनोज कुमार साहू उर्फ मोंगली ने राम राज के सिर पर पत्थर पटक दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और वह बेहोश हो गया।
भाई की हालत देख परिजन पहुंचे थाने
घटना की जानकारी मिलने पर युवराज विजयवार अपनी पत्नी रीता जयवंता विजयवार के साथ नेवई थाने पहुंचे और पुलिस से कार्रवाई की मांग की। रिपोर्ट में बताया गया है कि घटना के समय आसपास से गुजर रहे लोगों ने वारदात को देखा और सुना था।
जानलेवा हमले का मामला दर्ज
प्रार्थी युवराज विजयवार की रिपोर्ट पर नेवई पुलिस ने आरोपी मनोज कुमार साहू उर्फ मोंगली के खिलाफ अपराध क्रमांक 0719/26, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।
शराब को लेकर शुरू हुआ विवाद अब गंभीर आपराधिक मामले में बदल गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

