धमधा पुलिस की जुआ फड़ पर दबिश, 6 आरोपी गिरफ्तार; ₹11,100 नगद, ताश जप्त

धमधा पुलिस की जुआ फड़ पर दबिश, 6 आरोपी गिरफ्तार; ₹11,100 नगद, ताश जप्त


दुर्ग, 24 अक्टूबर 2026। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए धमधा पुलिस ने ग्राम गाडाघाट स्थित तालाब किनारे जुआ खेल रहे 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से ₹11,100 नगद सहित ताश की 52 पत्ती, प्लास्टिक की दरी और एलईडी लाइट जब्त की है। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 12 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम गाडाघाट के तालाब किनारे कुछ लोग रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना धमधा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर कार्रवाई की। पुलिस ने एलईडी लाइट की रोशनी में 52 पत्ती ताश से जुआ खेल रहे छह लोगों को पकड़ लिया। वहीं, कुछ व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले।

ये आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में कमलेश वर्मा (30), हरि राम वर्मा (35), सुरेन्द्र पटेल (23) और तेज राम पटेल (19), सभी निवासी ग्राम गाडाघाट, थाना धमधा, जिला दुर्ग शामिल हैं। इनके अलावा राम खिलावन यादव (54) और तवर निषाद (25), दोनों निवासी ग्राम घसरा, थाना धमधा, जिला दुर्ग को भी गिरफ्तार किया गया है।

नगदी सहित जुआ खेलने की सामग्री जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जुआ फड़ और आरोपियों के कब्जे से कुल ₹11,100 नगद, ताश की 52 पत्ती, प्लास्टिक की दरी और एलईडी लाइट जब्त की। पुलिस ने सभी छह आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।

अवैध गतिविधियों की सूचना देने की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि जुआ सहित किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाने या पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।