भिलाई में दो दिवसीय राज्य स्तरीय योगासन खेल प्रतियोगिता कल से, 25 को समापन

भिलाई में दो दिवसीय राज्य स्तरीय योगासन खेल प्रतियोगिता कल से, 25 को समापन


भिलाईनगर, 23 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ प्रेम निरंजन योगासन खेल संघ एवं योग लंगर समिति भिलाई के संयुक्त तत्वावधान में परमहंस स्वामी सत्यानंद सरस्वती की स्मृति में सातवीं सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर बालक-बालिका राज्य स्तरीय योगासन खेल प्रतियोगिता-2026 का आयोजन 24 एवं 25 अक्टूबर को किया जा रहा है। प्रतियोगिता का आयोजन भिलाई के सेक्टर-6 स्थित जगन्नाथ मंदिर परिसर में होगा।

आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता में पांच आयु वर्गों—5 से 9 वर्ष, 9 से 14 वर्ष, 14 से 19 वर्ष, 19 से 28 वर्ष तथा 28 से 55 वर्ष तक के प्रतिभागियों के लिए प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। आयोजन का उद्देश्य योगासन खेल को प्रोत्साहित करना और प्रतिभाओं को राज्य स्तरीय मंच प्रदान करना है।

24 अक्टूबर को शुभारंभ समारोह

प्रतियोगिता का शुभारंभ समारोह 24 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे आयोजित होगा। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. योगेश जंघेल शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता योग लंगर समिति भिलाई की उपाध्यक्ष एवं भारतीय स्टेट बैंक की पूर्व एजीएम श्रीमती कनक मंडल करेंगी। विशिष्ट अतिथियों में समाज सेविका श्रीमती बबीता चौधरी तथा शिक्षाविद् एवं समाजसेवी श्री टी.आर. देवांगन शामिल रहेंगे।

25 अक्टूबर को समापन समारोह

प्रतियोगिता का समापन समारोह 25 अक्टूबर को दोपहर 3:30 बजे आयोजित किया जाएगा। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में एमएस ऑर्थो एवं अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. मानवेंद्र जंघेल उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रिसाली नगर निगम के सभापति श्री केशव बंछोर करेंगे। विशिष्ट अतिथियों में एलआईसी के पूर्व वरिष्ठ डिविजनल मैनेजर श्री पी.के. रॉय तथा अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा एवं समाजसेवी के कार्यकारिणी सदस्य श्री अभय माहेश्वरी शामिल होंगे।

आयोजकों ने योग, खेल एवं स्वास्थ्य में रुचि रखने वाले नागरिकों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।

स्थान: जगन्नाथ मंदिर, सेक्टर-6, भिलाई, जिला दुर्ग (छत्तीसगढ़)।