दुर्ग पुलिस लाइन में शस्त्र पूजा व वाहन पूजन किया SSP विजय अग्रवाल ने

दुर्ग पुलिस लाइन में शस्त्र पूजा व वाहन पूजन किया SSP विजय अग्रवाल ने


दुर्ग, 20 अक्टूबर 2026। दशहरा पर्व की परंपरा के अनुरूप दुर्ग पुलिस लाइन में मंगलवार को शस्त्र पूजा, वाहन पूजन एवं हवन का आयोजन किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर विभागीय शस्त्रों और वाहनों का पूजन किया। हवन के पश्चात निर्धारित प्रक्रिया एवं सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए ब्लैंक कारतूसों से औपचारिक फायरिंग भी की गई।

पुलिस लाइन, दुर्ग में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विभागीय शस्त्रों के साथ पुलिस लाइन में उपलब्ध वाहनों और राजपत्रित अधिकारियों के शासकीय वाहनों की भी पूजा की गई। इसके बाद विधि-विधान से हवन संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में पुलिस विभाग की परंपराओं, अनुशासन और कर्तव्य के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शोभराज अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मणिशंकर चन्द्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र देव पटेल सहित जिले के राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के सुव्यवस्थित आयोजन में पुलिस लाइन के अधिकारियों और कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।