🛑नेटवर्क के लिए पटरी पर दोस्तों संग बैठा था
‘भिलाईनगर, 19 अक्टूबर। ग्राम पंडरीपानी के पास अंतागढ़ से भानुप्रतापपुर होते हुए रायपुर जा रही पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से 13 वर्षीय बालक की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया गया कि गांव में शनिवार रात मानसगान का आयोजन था। अमन अपने दोस्तों के साथ कार्यक्रम देखने गया था। गांव में मोबाइल नेटवर्क कमजोर होने के कारण वह रविवार सुबह बेहतर नेटवर्क की तलाश में दोस्तों के साथ पटरी पर बैठकर मोबाइल चला रहा था। अमन ने कान में ईयरफोन लगा रखा था। ट्रेन के लोको पायलट हिमांशु ने हॉर्न बजाया तो अन्य बच्चे वहां से भाग गए, लेकिन अमन ट्रेन की चपेट में आ गया।
रात में कार्यक्रम में दिखा था
मृतक के ताऊ संतोष कुलदीप ने बताया कि उन्होंने रात करीब 3 बजे अमन को उसके दोस्तों के साथ मानसगान स्थल पर देखा था। इसके बाद वे भोजन व्यवस्था संभालने में व्यस्त हो गए। रविवार सुबह करीब 5 बजे हादसे की जानकारी मिलने पर वे घटनास्थल पहुंचे, जहां गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर पटरी पर अमन का शव पड़ा था।
ट्रेन की चपेट में आने से अमन के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई थीं। परिजनों के मुताबिक, अमन दोस्तों के साथ पटरी तक कैसे पहुंचा और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी पूरी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है। घटना के समय उसके साथ मौजूद बच्चे भी सामने नहीं आए हैं।
मोबाइल नेटवर्क के लिए पटरी पर बैठे थे बच्चे प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अमन और उसके साथी मोबाइल में नेटवर्क पाने के लिए पटरी पर बैठे थे। अमन ईयरफोन लगाकर मोबाइल चला रहा था। ट्रेन के आने पर हॉर्न सुनकर बाकी बच्चे वहां से हट गए, लेकिन अमन समय रहते पटरी से नहीं हट सका और ट्रेन की चपेट में आ गया।
