🛑11 से 19 अक्टूबर तक विशेष व्यवस्था, 24 घंटे तैनात रहेंगे पुलिस के पेट्रोलिंग वाहन
🛑 दुर्ग शहर में रात को भारी वाहनों की नो-एंट्री; गंजपारा और सेंट्रल एवेन्यू मार्ग पर भी रहेगा डायवर्शन
दुर्ग, 11 अक्टूबर 2026। शारदीय नवरात्रि के दौरान मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए डोंगरगढ़ जाने वाले पदयात्रियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने दुर्ग यातायात पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं। कुम्हारी टोल प्लाजा से अंजोरा बाईपास तक पदयात्रियों के लिए विशेष रूट निर्धारित कर ‘सुरक्षित कॉरिडोर’ बनाया गया है। 11 से 19 अक्टूबर तक इस मार्ग पर तीन पेट्रोलिंग वाहन लगातार 24 घंटे तैनात रहेंगे। पुलिस की टीमें लाउडस्पीकर के माध्यम से श्रद्धालुओं को यातायात संबंधी निर्देश देंगी। साथ ही, पदयात्रियों की सहायता के लिए मार्ग में अस्थायी पुलिस सहायता केंद्र भी बनाए जा रहे हैं।
नवरात्रि के दौरान दुर्ग शहर और भिलाई के सेक्टर क्षेत्र में यातायात का दबाव नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने डायवर्शन प्लान भी जारी किया है। गंजपारा दुर्गा पंडाल के आसपास वाहनों का मार्ग बदला जाएगा, जबकि दुर्ग शहर में रात्रि के समय भारी और मध्यम वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
कुम्हारी से डोंगरगढ़ तक यह रहेगा पदयात्रा मार्ग
डोंगरगढ़ जाने वाले पदयात्रियों के लिए निर्धारित मार्ग कुम्हारी टोल प्लाजा से शुरू होकर सिरसा गेट चौक, डबरापारा तिराहा, खुर्सीपार तिराहा, पावर हाउस अंडरब्रिज, मुर्गा चौक, सेंट्रल एवेन्यू, सेक्टर-9 चौक, ठगड़ा बांध ओवरब्रिज, जेल तिराहा, गौरव पथ, गांधी पुतला, पटेल चौक, गंजपारा, पुलगांव चौक, शिवनाथ नदी ब्रिज और अंजोरा बाईपास होते हुए राजनांदगांव के रास्ते डोंगरगढ़ पहुंचेगा।
सेंट्रल एवेन्यू और सेक्टर क्षेत्र में वाहनों का डायवर्शन
यातायात पुलिस के अनुसार, पावर हाउस अंडरब्रिज से मुर्गा चौक और सेंट्रल एवेन्यू की ओर जाने वाले सभी चारपहिया वाहनों को फॉरेस्ट एवेन्यू एवं गैरेज रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसी तरह दुर्ग की ओर से सेंट्रल एवेन्यू आने वाले चारपहिया वाहनों को सेक्टर-9 चौक से फॉरेस्ट एवेन्यू और गैरेज रोड की ओर भेजा जाएगा।
गंजपारा दुर्गा पंडाल के पास बदलेगा रास्ता
गंजपारा दुर्गा पंडाल में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए रात्रि के समय पुलिस लाइन और गंजपारा की ओर से आने वाले दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों को गंज मंडी के पीछे से डायवर्ट किया जाएगा।
वहीं, पुलगांव चौक की ओर से आने वाली बसों को रात्रि में महाराजा चौक और जेल तिराहा होते हुए बस स्टैंड की ओर भेजा जाएगा। दुर्ग बस स्टैंड से पुलगांव की ओर जाने वाली बसों को भी इसी मार्ग का उपयोग करना होगा।
रात में भारी और मध्यम वाहनों की नो-एंट्री
नवरात्रि के दौरान दुर्ग शहर में रात्रि के समय भारी एवं मध्यम वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। प्रतिबंधित क्षेत्र में पुलगांव चौक, पोटिया चौक, महाराजा चौक, जेल तिराहा, गुरुद्वारा तिराहा, धमधा रोड और नयापारा से दुर्ग शहर की ओर आने वाले मार्ग शामिल हैं।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्शन का पालन करें और पदयात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें।
पदयात्रियों से अपील: बाईं ओर चलें, रिफ्लेक्टिव कपड़े पहनें
यातायात पुलिस ने डोंगरगढ़ जाने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें।
- रिफ्लेक्टिव कपड़े पहनें: बैग पर रेडियम या रिफ्लेक्टिव स्टीकर लगाएं। चमकीले कपड़े पहनें और गहरे रंग के कपड़ों से बचें, ताकि वाहन चालकों को दूर से दिखाई दे सकें।
- सड़क के बाईं ओर चलें: सड़क के बिल्कुल किनारे बाईं ओर चलें और मुख्य सड़क पर आने से बचें।
- रात में यात्रा से बचें: देर रात पदयात्रा शुरू न करें तथा प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्ग का ही उपयोग करें।
- सड़क पर विश्राम न करें: सड़क या उसके किनारे बैठने और सोने से बचें, क्योंकि इससे गंभीर दुर्घटना हो सकती है।
- सर्विस लेन का उपयोग करें: हाईवे पर केवल सर्विस लेन से चलें और बाईपास मार्ग पर पैदल चलने से बचें।
वाहन चालकों के लिए भी जारी की गई एडवाइजरी
पुलिस ने वाहन चालकों से देर रात वाहन चलाने से बचने, पर्याप्त नींद लेने और थकान की स्थिति में ड्राइविंग नहीं करने की अपील की है। नशे में वाहन चलाना, क्षमता से अधिक सवारी बैठाना और मालवाहक वाहनों में यात्रियों को ले जाना सख्त मना है। रात्रि में वाहन लो-बीम पर चलाने तथा सड़क पर अनधिकृत पार्किंग नहीं करने की भी हिदायत दी गई है।
यातायात पुलिस की अपील है कि श्रद्धालु और वाहन चालक निर्धारित मार्ग एवं यातायात नियमों का पालन करें, ताकि नवरात्रि में मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए जाने वाले पदयात्रियों की यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे।

