🛑मालवीय नगर चौक से मरोदा जाने के दौरान हुई घटना, रुपये मांगने पर यात्री से धक्का-मुक्की; ऑटो छोड़कर भागे आरोपी
दुर्ग, 9 अक्टूबर 2026। मालवीय नगर चौक से ऑटो में सवार होकर मरोदा जा रहे एक व्यक्ति की जेब से कथित तौर पर 3 हजार रुपये झपटकर निकालने और विरोध करने पर उसके साथ धक्का-मुक्की करने का मामला सामने आया है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर पदमनाभपुर पुलिस ने ऑटो चालक और उसके एक अन्य साथी के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी रामधुप विश्वकर्मा निजी कार्य करते हैं। उन्होंने रिपोर्ट में बताया कि 8 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 11:45 बजे वह मालवीय नगर चौक से ऑटो क्रमांक CG 07 BJ 8779 में मरोदा जाने के लिए सवार हुए थे। ऑटो चालक ने उन्हें अपने बगल में बैठने के लिए कहा, जिस पर वह बैठ गए।
आरोप है कि ऑटो चालक ने अपने एक साथी के साथ मिलकर उनकी जेब में रखे करीब 3 हजार रुपये निकाल लिए। इसकी जानकारी होने पर जब रामधुप विश्वकर्मा ने अपने रुपये वापस मांगे, तो ऑटो चालक और उसका साथी उनके साथ धक्का-मुक्की करने लगे।
इसके बाद प्रार्थी ने अपने पुत्र मंजीत विश्वकर्मा को फोन कर मौके पर बुलाया। आरोप है कि पुत्र के पहुंचने पर ऑटो चालक और उसका साथी ऑटो को वहीं छोड़कर फरार हो गए। प्रार्थी ने यह भी बताया कि घटना आसपास मौजूद लोगों ने देखी है।
मामले में रामधुप विश्वकर्मा की शिकायत पर पदमनाभपुर पुलिस ने ऑटो क्रमांक CG 07 BJ 8779 के चालक और एक अन्य आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 0642/26, धारा 3(5) एवं 304(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। आरोपियों के संबंध में पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है।

